
बडऩगर. शहर में आज भी ऐसी परंपरा निभाई जाती है, जिसे देखकर दिल दहल उठता है। दीपावली के दूसरे दिन गुरुवार को पड़वा के रोज यहां किसानों का जमघट लगा। बडऩगर तहसील के तीन गांवों में इस अनूठी परंपरा का निर्वहन किया गया। इसे गाय और गोहरी पर्व के नाम से मनाया जाता है। अन्नदाता किसान अपने शरीर के ऊपर से सैकड़ों गायों को निकालते हैं, लेकिन उन्हें खरोच तक नहीं आती। मन्नत पूरी होने पर यह परंपरा निभाई जाती है।
मन्नतधारियों पर से निकली सैकड़ों गाय
तहसील के गांव लोहारिया, भिड़ावद व रावदिया में दीपावली के दूसरे दिन यानी पड़वा पर गाय और गोहरी का पर्व मनाने की परम्परा है। गांव के लोग संतान प्राप्ति, बीमारी और गांव की खुशहाली के लिए मन्नत मांगते हैं। मन्नत पूरी होने पर पड़वा के दिन गांव की गली में वे लेट जाते हैं, दूसरे छोर से गांव की सारी गाय इनके ऊपर से होकर गुजर जाती हैं। गायों के गुजरने के बाद मन्नती खड़े होकर नाचने लगते हैं। इसके बाद पूरे गांव में ढोल बजते हैं। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए दूर-दूर से लोग यहां आते हैं।
बैलों का अनोखा जुलूस
नलखेड़ा. नगर में वर्षों से पड़वा पर नगरवासी बैलों की पूजा करते हैं। इसलिए किसान भी बैलों को सजाकर लाते हैं। उज्जैन संभाग में नलखेड़ा ही एक ऐसा नगर है, जहां बैलों की पूजा नगरवासी करते हैं। आतिशबाजी भी होती है और सामूहिक जुलूस निकाला जाता है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। जुलूस में नगर के हर संप्रदाय के लोग शामिल होते हैं। इस दिन लोग बैलों के सामने डीजे व ढोल पर नाचते निकलते हैं। पूरा बाजार बंद रहता है। जुलूस देखने के लिए नगरवासी उमड़ पड़ते हैं। बैलों का जुलूस चौक बाजार से जवाहर मार्ग होता हुआ गणेश दरवाजा पहुंचता है। समापन पर सबसे आकर्षक शृंगार व सुंदर बैल वाले पालकों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय इनाम वरिष्ठ किसानों की तरफ से दिया जाता है।
कृषि उपकरण के चलते कम हुए बैल
पूर्व में पड़वा के रोज निकलने वाले बैलों के जुलूस में संख्या अधिक रहती थी, परंतु आधुनिक खेती के दौर में बैलों की जगह उपकरण का उपयोग होने से बैल कम होते जा रहे हैं।
उल्लास के दीपों से मनाई दिवाली
आगर-मालवा. भारतीय हिन्दू संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व दीपावली नगर सहित समूचे अंचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। धनतेरस से प्रारंभ हुए इस महापर्व पर विभिन्न प्रकार के परपंरागत धार्मिक आयोजनों का दौर चलता रहा। अमावस्या के दिन शुभ मुहुर्त में मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना की गई व अपने-अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों पर आकर्षक विद्युत सज्जा करते हुए लक्ष्मी पूजन के साथ बच्चों ने जोरदार आतिशबाजी करते हुए लोगों ने एक-दूसरे को परस्पर बधाई देते हुए खुशी का इजहार किया। प्रात:काल से ही लोग दीपोत्सव की तैयारियों में जुट चुके थे। मिठाई की दुकानों पर तरह-तरह की मिठाइयां सजी हुई थी। इस दिन गेंदे के फूलों की खासी डिमांड रही। पूजा-अर्चना उपरांत बधाई देने का सिलसिला प्रारंभ हो गया। पड़वा के अवसर पर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में गौपूजन के साथ विभिन्न प्रकार के पारंपरिक आयोजन किए जाएंगे।
बाजार हुआ गुलजार
दीपोत्सव के अवसर पर बाजार में खासी भीड़ दिखाई दी। मिठाइयों की दुकानों एवं हार-फूल की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। सराफा बाजार, अस्पताल चौराहा, छावनी नाका, छावनी झण्डा चौक, बड़ौद रोड चौराहे पर गन्ने भी बिकने के लिए आए।
सजे घर-आंगन
दीपावली पर बालिका, युवतियां एवं महिलाओं ने आंगन व प्रतिष्ठानों पर आकर्षक रांगोलियां बनाई। शहर में विभिन्न कालोनियों व क्षेत्रों में बनी रांगोलियां आकर्षण का केन्द्र बन रही है।
दीपावली पर बाजारों में रौनक
नलखेड़ा. दीपावली को लेकर बाजारों में दिनभर रौनक रही। मिठाइयों की दुकान पर भीड़ देखने को मिली। जनरल स्टोर्स पर साज सज्जा के लिए लोगों का जमावड़ा रहा। शिवाजी चौराहे व सरदार पटेल तिराहा तक जाम से लोग परेशान होते रहे वही पटाखा बाजार में भी भीड़ देखने को मिली।