उज्जैन

उज्जैन के तराना में फिर भड़की हिंसा, भीड़ ने घरों पर किया पथराव, बस में लगाई आग

Ujjain News: तराना में गुरुवार को हुए उपद्रव के बाद शुक्रवार को एक बार फिर से हिंसा भड़क गई। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस ने पूरे कस्बे को छावनी बना दिया है। पुलिस पूरे क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी कर रही है।

2 min read
Jan 23, 2026
उज्जैन के तराना में शुक्रवार को भी तनाव का माहौल देखा गया। यहां एक बस में आग लगा दी। फोटो-पत्रिका

Ujjain News: उज्जैन जिले के तराना में शुक्रवार को भी माहौल बिगड़ गया। असामाजिक तत्वों ने एक बस में आग लगा दी, वहीं कई घरों पर पथराव भी किया। विहिप प्रचारक सोहेल ठाकुर पर हुए हमले के बाद उपद्रवियों ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। माहौल को देखते हुए क्षेत्र में 300 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।

तराना में गुरुवार को हुए उपद्रव के बाद शुक्रवार को एक बार फिर से हिंसा भड़क गई। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस ने पूरे कस्बे को छावनी बना दिया है। पुलिस पूरे क्षेत्र की ड्रोन से नजर रख रही है। उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है। हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है।

गुरुवार को क्या हुआ था

इससे पहले गुरुवार को विहिप प्रचारक पर हुए प्राणघातक हमले के बाद क्षेत्र में बवाल हो गया था। 11 बसों में तोड़फोड़ होने के बाद धारा 144 लगा दी गई थी। बसंत पंचमी की पूर्व संध्या पर पुराने विवाद में दो पक्षों के बीच झड़प के बाद तनाव बना हुआ था। पुलिस के मुताबिक विहिप के पूर्णकालिक सदस्य सोहेल ठाकुर अपने साथी रजत ठाकुर के साथ गुरुवार शाम 7.30 बजे मालीपुरा क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान मदारगढ़ व काजी मोहल्ला क्षेत्र के कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। करीब आधा दर्जन लोगों ने दोनों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में सोहेल ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में 8-10 टांके आए हैं। दोनों घायलों को पहले तराना अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया, इसके बाद हालत गंभीर होने पर उज्जैन रेफर कर दिया था। इसके बाद हिन्दू संगठनों ने थाने का घेराव कर दिया था। यह लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने बस स्टैंड पर खड़ी बसों पर पथराव व लाठी डंडों से हमला कर दिया और कुल 11 बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

Updated on:
23 Jan 2026 05:57 pm
Published on:
23 Jan 2026 05:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर