
उज्जैन. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा में भीड़ जुटाने उज्जैन संभाग से 2150 व इंदौर जिले से 900 बसों का अधिग्रहण होगा। शुक्रवार से जिलों से स्कूल व यात्री बसें लेकर संबंधित तहसीलों में पहुंचाई जाएगी, जहां से 14 जुलाई को सुबह इनमें लोगों को सभा स्थल लाया जाएगा। रास्ते में भोजन पैकेट का इंतजाम भी सरकारी खर्च पर होगा। आरटीओ ने स्कूल प्रबंधनों से भी काफी बसें मांगी हैं। एेसे में 14 जुलाई को शहर के बड़े सीबीएसइ स्कूलों में छुट्टी होने के आसार हैं। इधर पार्टी ने सभा व जनआशीर्वाद यात्रा में लोगों को लाने का लक्ष्य से 1 से बढ़ाकर 2 लाख कर दिया है। इसी मान से 6 बड़े डोम व बैठक व्यवस्था होगी।
यात्रा की शुरुआत व शाह की सभा को व्यापक बनाने सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रशासनिक मशीनरी से लेकर अन्य सारे संसाधन इस काम में जुटे हैं। परिवहन अमला अब लोगों को लाने के लिए बसों के इंतजाम में जुट गया है। उज्जैन सहित रतलाम, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच व आगर जिले से लोगों को लाने बस भेजी जाएगी। बसें संबंधित समीपस्थ क्षेत्रों से लोगों को नानाखेड़ा स्टेडियम सभा स्थल पर लाएगी। दोपहर २ बजे से सभा शुरू होना है।
इंदौर से भी 900 बसों का अधिग्रहण
उज्जैन संभाग के अलावा इंदौर जिले से भी 900 बसों का अधिग्रहण किया जाएगा। इन बसों को जरूरत पडऩे पर उज्जैन संभाग के जिलों में या फिर इंदौर से सटे महू, राऊ, देपालपुर, गौतमपुरा आदि क्षेत्रांे में भेजा जाएगा। यहां से भी लोगों को सभा में लाने की प्लानिंग है। इसके लिए उज्जैन व इंदौर जिला प्रशासन में समन्वय चल रहा है। कुल मिलाकर 3 हजार बसें इस बंदोबस्त में लगेगी। इंदौर परिवहन अमले ने भी इसकी तैयारियां शुरू कर दी है।
बारिश के चलते स्टेडियम में कीचड़ व पानी जमा है। इस बड़े डोम के नीचे मुख्य मंच लगेगा। यहां कीचड़ खत्म करने के लिए मुरम डाली जा रही है। वहीं डोम के अंदर वाले भाग पर प्लाई लगाई है ताकि फिसलन ना हो। अब तक करीब 150 डंपर मुरम डल चुकी है, इसके बाद भी कीचड़ खत्म नहीं हो रहा।
क्रेन फंसी तो जेसीबी ने दिया सहारा.... डोम खड़ा करने में जुटी क्रेन के कीचड़ में फंसने के कारण जेसीबी से सहारा देकर इसे आगे निकाला गया। स्टेडियम को दुरुस्त करने 8 जेसीबी जुटी हुई है।
सीएम का रथ निकालने स्टेडियम की पिछली बाउंड्रीवॉल का हिस्सा तोड़ा
सीएम का जनआशीर्वाद रथ मंच के पीछे वाले रास्ते से निकालने व क्रॉउड मैनेजमेंट के लिए बुधवार को नानाखेड़ा स्थित राजमाता सिंधिया स्टेडियम की बाउंड्रीवॉल दो जगह से तोड़ी गई। स्टेडियम के पीछे वाले मार्ग (मित्र नगर कॉलोनी) में 20 फीट व मुख्य प्रवेश गेट के पास 15-20 फीट की बाउंड्रीवॉल जेसीबी से तोड़ी। तय हुआ कि कार्यक्रम के बाद दीवार फिर से बना दी जाएगी।
रोड शो मार्ग पर पेड़ों की छंटाई, तीन क्रेन व 40 कर्मी जुटे
सीएम रोड शो वाले मार्ग पर नगर निगम पेड़ों की कंटाई-छंटाई करवा रहा है। करीब 16 किमी लंबे मार्ग पर जहां भी पेड़ों की टहनियां फैली हुई हैं, उन्हें छांटा जा रहा है। तीन क्रेन व ४० कर्मी इस काम में जुटे हैं। फ्रीगंज ब्रिज के समीप दीपालय के बाहर पेड़ों की छंटाई करते कर्मचारी।
सुबह बारिश तो शाम को निकले आमंत्रण देने
सभा व यात्रा का आमंत्रण देने सांसद चिंतामणि मालवीय बुधवार सुबह 11 बजे निकलने वाले थे, लेकिन इस दौरान बारिश होने से ये रैली शाम ४ बजे शुरू की गई। शहीद पार्क से पटनी बाजार तक कार्यकर्ताओं ने लोगों को आने का न्योता दिया। रैली प्रभारी सत्यनारायण खोइवाल के अनुसार शहरवासी भी यात्रा को लेकर उत्साहित है। जनता इसे अपना ही आयोजन मान रही है।