उन्नाव

UP Police: जब नागिन हाइवे पर उतरे तो सपेरा आ ही जाता है…यूपी पुलिस ने वीडियो शेयर कर दिया संदेश

UP Police: यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ 'सपेरा' बनकर कार्रवाई की जाएगी।
2 min read
Feb 23, 2026
dancing girls
हाइवे पर नागिन डांस करती युवतियां (Photo source- X)

UP Police: सोशल मीडिया पर रील बनाकर रातों-रात मशहूर होने और पैसे कमाने का भूत युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। लेकिन इस बार 'लाइक्स' और 'व्यूज' की यह चाहत दो युवतियों को भारी पड़ गई। लखनऊ-कानपुर नेशनल हाइवे पर यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए नागिन डांस करने वाली युवतियों पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। यूपी पुलिस ने इस मामले का वीडियो अपने आधिकारिक (X) ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए साफ संदेश दिया है कि सड़क पर ऐसी अराजकता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बीच हाइवे पर नागिन डांस

वायरल हो रहा यह वीडियो लखनऊ-कानपुर हाइवे के गदनखेड़ा बाईपास के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में दो युवतियां हाइवे के बीचो बीच फिल्मी गानों पर नागिन डांस करती नजर आ रही हैं। इस हाइवे पर भारी वाहनों और छोटी गाड़ियों का आना जाना रहता है। युवतियों की इस हरकत से न केवल उनकी अपनी जान को खतरा था बल्कि वहां से गुजरने वाले अन्य राहगीरों के लिए भी यह बड़ी दुर्घटना का सबब बन सकता था। रील बनाने के चक्कर में युवतियों ने सार्वजनिक स्थान पर यातायात नियमों का उल्लंघन किया।

यूजर की शिकायत पर यूपी पुलिस ने लिया कड़ा संज्ञान

यह मामला तब तूल पकड़ा जब सोशल मीडिया पर नागरिकों ने इस वीडियो को यूपी पुलिस को टैग करना शुरू किया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा था, "महोदय, यह नागिन डांस कैसा है? अगर कार्रवाई नहीं होगी तो ऐसी ही युवतियां हाईवे पर उतरती रहेंगी।" वहीं अन्य यूजर्स ने मांग की कि न केवल एफआइआर दर्ज हो, बल्कि इनके सोशल मीडिया अकाउंट भी हमेशा के लिए बंद किए जाने चाहिए ताकि युवाओं में कानून का भय बना रहे। इन शिकायतों के बाद यूपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवतियों की पहचान की और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

यूपी पुलिस का क्रिएटिव मैसेज: "रोड पर नागिन उतरेगी तो सपेरा आएगा"

पुलिस ने रविवार को इस कार्रवाई का वीडियो साझा करते हुए बड़े ही दिलचस्प अंदाज में चेतावनी दी। रील के ऊपर कैप्शन दिया गया "जब रोड पर नागिन उतरेगी तो सपेरा आएगा। रुकें, सोचें और बचें।" पुलिस का यह 'सपेरा' अवतार चर्चा का विषय बना हुआ है। यूपी पुलिस इस संदेश के माध्यम से युवाओं को यह समझाना चाहती है कि क्रिएटिविटी के नाम पर सार्वजनिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।

जान जोखिम में डालकर रील बनाने का बढ़ता क्रेज

गदनखेड़ा क्षेत्र के आसपास रहने वाली इन युवतियों के बारे में बताया जा रहा है कि वे अक्सर इस तरह के रील बनाने के लिए हाइवे का चुनाव करती हैं। पैसे कमाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में वे यह भूल जाती हैं कि हाइवे पर भारी वाहन कभी भी अनियंत्रित हो सकते हैं। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के मामलों में अब कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे ताकि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।

Updated on:
23 Feb 2026 11:23 am
Published on:
23 Feb 2026 11:18 am