यूपी न्यूज

8 सेकेंड में 5 थप्पड़! वाराणसी में महिला दारोगा का फरियादी को पीटते वीडियो वायरल, बैठाई गई जांच

Varanasi News : वाराणसी के चौबेपुर थाने में एक महिला दारोगा द्वारा महिला फरियादी को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है..
2 min read
Jul 17, 2026
Varanasi police news
Pc- Video grab

Varanasi Police :वाराणसी के चौबेपुर थाने में एक महिला दारोगा द्वारा महिला फरियादी को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला फरियाद लेकर चौबेपुर थाने पहुंची थी, इसी दौरान महिला दारोगा से उसकी बहस हो गई, जिसके बाद महिला दारोगा ने थाने में ही पीड़िता को पीट दिया। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

थाने में मौजूद किसी शख्स ने बनाया वीडियो

जानकारी के मुताबिक, चौबेपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली गीता देवी अपने एक मामले को लेकर स्थानीय थाने पहुंची हुई थी। इसी दौरान वहां मौजूद महिला उप-निरीक्षक रोशनी से पूछताछ के दौरान ही गीता देवी से बहस हो गई। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। आरोप है की रोशनी ने सिर्फ 8 सेकंड में पीड़िता को 5 थप्पड़ जड़ दिए। बताया जा रहा है कि गीता अपने पति के एक मामले को लेकर कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रही थी, इसी बात से महिला दारोगा नाराज हो गई।

चौबेपुर थाना परिसर में हाथापाई किए जाने के बाद वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया, जिसमें महिला दारोगा रोशनी पीड़िता गीता देवी को ताबड़तोड़ थप्पड़ मारते दिख रही हैं। वहीं, मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने मामले में बीच बचाव किया जिसके बाद पूरा मामला शांत हुआ। वहीं, अब वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर वाराणसी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, बताया जा रहा है कि पीड़िता ने पुलिस को लिखित रूप से बयान देते हुए कहा है कि इस मामले में गलती उन्ही की थी। वह महिला दरोगा के ऊपर कार्रवाई नहीं चाहती।

क्या बोले एसीपी

इस घटनाक्रम को लेकर एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वह गुरुवार का है। गीता देवी अपने एक मामले को लेकर चौबेपुर थाने पहुंची हुई थी। इसी दौरान उन्होंने महिला उप-निरीक्षक से अभद्रता से बात की। इसके बाद महिला उप-निरीक्षक ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। हालांकि, मामला संज्ञान में आया है। इस पूरे मामले में वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य निकाल कर सामने आएंगे उनके अनुसार ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
17 Jul 2026 03:13 pm
Published on:
17 Jul 2026 03:13 pm