
फाइल फोटो, Pc-patrika
Silver Heist In Varanasi: वाराणसी में खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बात कर सर्राफा कारोबारी से 27 किलोग्राम चांदी की लूट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लूटी गई चांदी की कीमत करीब 60 लाख रुपए के आसपास है। सर्राफा कारोबारी से मादक पदार्थ की तस्करी का भय दिखाकर बैग छीन लिया गया और उसके बाद घटना में शामिल तीन आरोपी बैग लेकर भाग निकले। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची चौक पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी निकल जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की देर रात सर्राफा कारोबारी से 60 लाख रुपए की चांदी लुटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गोविंदपुरा में शशि वर्मा की जय मां लक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से वहीं, सुड़ियां में विनय सोनी हेमा ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों एक दूसरे की दुकान से सोना और चांदी का लेनदेन करते हैं। गुरुवार के शाम शशि कुमार ने विनय कुमार की दुकान से चांदी लेने के लिए अपने कर्मचारी उमाकांत को भेजा था।
उमाकांत ने बताया कि उसके के साथ विनय सोनी का कर्मचारी आर्यन भी मौजूद था और दोनों ही चांदी लेकर गोविंदपुर के लिए निकले थे। दोनों कर्मचारियों ने बताया कि जैसे ही वे राजा दरवाजा मोड़ के पास पहुंचे, तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया और कहा कि 'तुम मादक पदार्थ की तस्करी करते हो, लाओ बैक खोलकर चेक कराओ, हम क्राइम ब्रांच से हैं'। दोनों कर्मचारियों ने बताया कि वे सराफा कारोबारी हैं और बैग में चांदी है। इसके बाद भी तीनों नहीं माने और मालिक को बुलाने की बात कहने लगे। इसी बीच आर्यन अपने मालिक को बुलाने गया। आरोप है कि इसी दौरान तीनों आरोपी उमाकांत से बैग छीनकर कर भाग निकले।
उनके साथ इस हुई घटना के बाद दोनों कर्मचारियों ने अपने मालिक और पुलिस को सूचना दी। दोनों कर्मचारी भाग कर चौक थाने पहुंचे और पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया। इसी बीच जानकारी होने के बाद एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों कर्मचारियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरा की फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी बैग लेकर ठठेरी बाज़ार की तरफ पैदल जाते हुए दिख रहे हैं। एसीपी अतुल अनजान त्रिपाठी ने बताया है कि घटना के अनावरण के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Updated on:
17 Jul 2026 08:54 am
Published on:
17 Jul 2026 08:32 am
