वाराणसी

पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद सक्रिय हुआ वाराणसी प्रशासन, बाढ़ ग्रस्त इलाकों में पहुंचे डीएम व पुलिस कमिश्नर, अब तक 1500 लोग किए गए शिफ्ट

PM Modi Calls to Varanasi Mayor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर वार्ता किए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ चुका है...
2 min read
Sep 03, 2026
Varanasi latest news
Pc-Patrika

PM Narendra Modi Call To Varanasi DM: काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर वार्ता किए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ चुका है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने बाढ़ से ग्रसित इलाकों में भ्रमण किया है और स्थिति का जायजा लिया है। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि राहत और बचाव कार्यों की जानकारी रखते हुए लोगों को राहत शिविरों में पहुंचने का काम तेजी से किया जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बोट पर सवार होकर निकले अधिकारी

गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और मेयर अशोक तिवारी से फोन पर बाढ़ के संबंध में जानकारी लिए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बाढ़ ग्रसित इलाकों का दौरा किया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल बोट पर सवार होकर अधिकारियों के साथ बाढ़ ग्रसित इलाकों का निरीक्षण करने निकले। इस दौरान उन्होंने जल पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द लोगों को बाढ़ के इलाकों से निकलकर राहत शिविरों में शिफ्ट किया जाए। जिलाधिकारी के मुताबिक, अब तक 1500 से अधिक लोगों को बाढ़ राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 30 सेंटीमीटर ऊपर है। वहीं, वरुणा नदी के किनारे 17 बाढ़ राहत शिविर सक्रिय किए गए हैं, जिनमें इस समय करीब 1,500 लोग रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चल रहे राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली है। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि बनारस में किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।

बाढ़ से ग्रसित इलाके में एनडीआरएफ की तैनाती

वहीं, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद से स्थानीय पुलिस को सक्रिय किया गया है। इसके साथ ही जल पुलिस और एनडीआरएफ की अतिरिक्त टुकड़ी को बाढ़ से ग्रसित इलाके में तैनात किया गया है। सभी को निर्देश दिया गया है कि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों के खान-पान इत्यादि के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मेडिकल टीम को भी तैनात किया गया है।

केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर 70.29 मीटर दर्ज किया गया है। यहां चेतावनी का स्तर 70.26 मीटर है। गंगा नदी का पानी चेतावनी निशान से 0.03 मीटर ऊपर पहुंच गया है। हालांकि अभी जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। गंगा के बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घाटों पर नावों के संचालन पर रोक लगा दी है। नदी किनारे और जलभराव वाले इलाकों पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

Updated on:
03 Sept 2026 05:28 pm
Published on:
03 Sept 2026 05:28 pm