3 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

वाराणसी में गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान के पार, PM मोदी ने फोन पर ली स्थिति की रिपोर्ट

PM Modi Varanasi Flood Call: वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी निशान पार कर गया है। बाढ़ के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेयर और जिलाधिकारी से फोन पर हालात की जानकारी ली और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
2 min read
Google source verification
PM MODI

PM मोदी ने फोन पर लिया हालात का जायजा (IANS Photo)

PM Modi Phone Call To DM: वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह चेतावनी निशान को पार कर चुका है। कई इलाकों में पानी घुसने के बीच प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मेयर और जिलाधिकारी को अचानक फोन किया और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लोगों को कम से कम परेशानी होने के निर्देश दिए। गंगा का जलस्तर 70.29 मीटर पहुंच गया है, जबकि वरुणा नदी के आसपास 328 परिवार प्रभावित हैं और 13 राहत शिविरों में 935 लोग रह रहे हैं।

गंगा नदी चेतावनी निशान के पार

केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर 70.29 मीटर दर्ज किया गया है। यहां चेतावनी का स्तर 70.26 मीटर है। गंगा नदी का पानी चेतावनी निशान से 0.03 मीटर ऊपर पहुंच गया है। हालांकि अभी जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। गंगा के बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घाटों पर नावों के संचालन पर रोक लगा दी है। नदी किनारे और जलभराव वाले इलाकों पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

PM मोदी ने फोन पर लिया हालात का जायजा

प्रधानमंत्री और वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी ने मेयर और जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत की। उन्होंने शहर के मौजूदा हालात के बारे में जानकारी ली और पूछा कि राहत-बचाव के इंतजाम किस तरह चल रहे हैं। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को गंगा और वरुणा नदी के जलस्तर, प्रभावित इलाकों और राहत व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि प्रशासन लगातार जलस्तर और जलभराव की स्थिति पर नजर रख रहा है।

प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के भी निर्देश दिए।

वरुणा नदी ने भी बढ़ाई चिंता

वाराणसी में सिर्फ गंगा का बढ़ता जलस्तर ही चिंता का कारण नहीं है। वरुणा नदी के आसपास भी बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन के मुताबिक करीब 11 इलाके और वार्ड प्रभावित हुए हैं। वरुणा नदी में बाढ़ की वजह से करीब 328 परिवारों के 1,388 लोग प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में पानी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी प्रशासन ने कर रखी है।

13 राहत शिविरों में 935 लोग

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन ने 13 राहत शिविर तैयार किए हैं। फिलहाल इन शिविरों में 219 परिवारों के 935 लोग रह रहे हैं। यहां लोगों के लिए जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी ने गंगा और वरुणा के जलस्तर के साथ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। जहां जलभराव हो रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

खतरे के निशान से अभी नीचे पानी

वाराणसी में गंगा का पानी भले ही चेतावनी निशान से ऊपर पहुंच गया हो, लेकिन अभी खतरे के निशान से नीचे है। गंगा का जलस्तर 70.29 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 71.26 मीटर है। फिलहाल प्रशासन इसे लगातार निगरानी वाली स्थिति मानकर चल रहा है।