
Shree Kashi Vishwanath Temple: वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भीड़ प्रबंधन की लिए विशेष व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है। यहां सावन माह के सोमवार की तर्ज पर श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेट्स लगाए जाएंगे। वाराणसी में 22, 24 व 25 अक्टूबर को एयर शो का आयोजन किया जाना है। इस दौरान संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने यह फैसला लिया है। शनिवार को धाम स्थित सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्रा की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंदिर प्रशासन के अलावा अधिकारियों और कर्मियों के साथ पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
मंदिर परिसर में आयोजित की गई इस बैठक में आगामी एयर शो के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व सुव्यवस्थित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में वार्ता की गई। वार्ता के उपरांत यह निर्णय लिया गया कि इस अवसर पर भीड़ प्रबंधन के लिए श्रावण मास के सोमवार जैसी स्थिति होगी और उसी तरह की व्यवस्था भी लागू किए जाने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्गों का सुव्यवस्थित संचालन व आवश्यकता अनुसार समुचित बैरिकेडिंग तथा भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाएगा।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए दर्शनार्थियों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। प्रवेश और निकास मार्गों पर पर्याप्त प्रबंध, आवागमन में सुगमता और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाए। साथ ही संबंधित विभाग और कार्यदाई संस्था आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारी का पूरी सतर्कता एवं ईमानदारी से निर्वहन करें।
बैठक में कहा गया है की भीड़ प्रबंधन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन तथा मंदिर परिसर में अनुशासित व्यवस्था बनाए रखना यहां तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी है और यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सभी की जिम्मेदारी होगी। इसके लिए व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी ताकि एयर शो के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शनार्थियों के आने के कारण किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। मंदिर प्रशासन जिला प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित सुव्यवस्थित और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था करवाने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।