
Encounter in Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी राजू खान के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद राजू खान फरार हो गया था। इस दौरान पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी जिसके बाद आरोपी ने झाड़ियों से निकलकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आरोपी की चलाई गई गोली से सारनाथ थाने के दारोगा बाल बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, सारनाथ पुलिस संदिग्ध वाहन और लोगों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सरायमोहना घाट के पास झाड़ियों में छिपा राजू खान अचानक ही झाड़ियों से बाहर निकाला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान उसकी चलाई गई गोली उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट के किनारे को छूते हुए निकल गई। इसी दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। पकड़े गए आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा व दो खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
मुठभेड़ के दौरान घायल हुए बदमाश को सारनाथ पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। दरअसल, राजू खान वही व्यक्ति है जो पैगंबरपुर इलाके में बने मकान में पटाखा बनाने का काम कर रहा था। इसी दौरान गुरुवार की शाम 5 बजे के आसपास पटाखा बनाने के दौरान मकान में विस्फोट हो गया, जिसमें उसकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। वहीं, राजू और उसकी मां मौके से भागने में कामयाब हो गए थे। घटना के बाद शहर से बाहर राजू भागने की फिराक में था और झाड़ियों में छिपा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट की इस घटना में आदिल (12), चांदनी (39) वर्ष अरबिया (10) वर्ष घायल हुए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों की माने तो घटना होने के बाद घर के पिछले दरवाजे से राजू खान और उसकी मां मुन्नी खान फरार हो गए। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने घर में सिलेंडर ब्लास्ट होने की अफवाह भी फैलने की कोशिश की। दरअसल, कुछ वर्ष पहले राजू खान का परिवार सरैया इलाके में रहता था। उस दौरान भी घर में पटाखा बनाने के दौरान ब्लास्ट हुआ था, जिसमें उसके पिता मतीउल्लाह खान का देहांत हो गया था।