शाकाहारी

टिंडा मंगोड़ी करी है स्पाइसी डिश

अगर आप तीखा खाना पसंद करते हैं तो आपको टिंडा मंगोड़ी करी जरूर पसंद आएगी।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2017, 3:15 PM IST
Mangodi Tinda curry
Mangodi Tinda curry

अगर आप तीखा खाना पसंद करते हैं तो आपको टिंडा मंगोड़ी करी जरूर पसंद आएगी। राजस्थान में आमतौर पर मूंग दाल की मंगोड़ी को कई सब्जियों के साथ कॉम्बीनेशन में इस्तेमाल किया जाता है। टिंडा मंगोड़ी करी बहुत ही स्वादिष्ट बनती है और यह स्पाइसी डिश भी है। यहां पढ़ें टिंडा मंगोड़ी करी की रेसिपी-

सामग्री -

टिन्डे - 500 ग्राम ( 7-8 मध्यम आकार के)
मूंग दाल की मंगोड़ी - एक कप
टमाटर - 3
हरी मिर्च - 2
अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
तेल - 2-3 टेबल स्पून
हींग - 1 पिंच
जीरा - आधा छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - 1/3 छोटी चम्मच
धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच ऊपर तक भरी हुई
नमक - स्वादानुसार (1 छोटी चम्मच)
लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच से कम (यदि आप चाहें)
गरम मसाला - 1/6 छोटी चम्मच
हरा धनिया - 2 टेबल स्पून(बारीक कटे हुए)

विधि -

टिन्डे को छीलिए और धोइए, पानी हटा कर एक टिन्डे के ५-६ टुकड़े करते हुए काट लीजिए।

टमाटर धोइए, बड़े टुकड़ों में काट लीजिए। हरी मिर्च के डंठल निकाल कर धो लीजिए। अदरक छीलिये और बड़े टुकड़ों में काट लीजिए। सारी चीजें मिक्सर जार में डालकर बारीक पीस लीजिए।

कुकर में १ टेबल स्पून तेल डाल कर गरम कीजिए, गरम तेल में मंगोड़ी डालकर ब्राउन होने तक भून कर प्लेट में निकाल कर रख लीजिए।

कुकर में २ टेबल स्पून तेल डालिये और गरम कीजिए, गरम तेल में हींग और जीरा डालिए, जीरा भुनने पर हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालिए और अब ताजी पिसा हुआ टमाटर का मसाला डालिए, मसाले को चमचे से चलाकर तब तक भूनिए जब तक कि मसाले के ऊपर तेल न तैरने लगे।

भुने मसाले में कटे हुए टिन्डे और मंगोड़ी डालिए, चमचे से मिलाते हुए, २ मिनिट तक भूनिए, २ कप पानी डालिए, नमक और लाल मिर्च पाउडर डाल कर मिलाइए, कुकर बन्द कर दीजिए, कुकर में १ सीटी आने के बाद, गैस धीमी कर दीजिए और सब्जी को धीमी गैस पर २ -३ मिनिट पकने दीजिए।

कुकर का प्रेसर खतम होने पर कुकर खोलिए, टिन्डे और मूंग की दाल की मंगोड़ी में गरम मसाला और हरा धनियां डालकर मिला दीजिए। टिन्डे मंगोड़ी की सब्जी बन कर तैयार है।

टिन्डे मंगोड़ी की सब्जी को प्याले में निकालिए और ऊपर से थोड़ा सा हरा धनियां डालकर सजाइए। गरमा गरम टिन्डे मंगोड़ी की सब्जी, चपाती, परांठे या चावल के साथ परोसिए और खाइए।