शाकाहारी

सर्दी में लें पनीर भरवां शिमला मिर्च का आनंद

वैसे तो शिमला मिर्च को कई तरीके से बनाया जा सकता है, लेकिन पनीर भरवां शिमला मिर्च खास रेसिपी है।

2 min read
Dec 28, 2017
paneer stuffed shimla mirch

वैसे तो शिमला मिर्च को कई तरीके से बनाया जा सकता है, लेकिन पनीर भरवां शिमला मिर्च खास रेसिपी है। इसे आप मेहमानों के सामने भी परोस सकते हैं। इसमें शिमला मिर्च के बीच में पनीर का खास मसाला तैयार कर भरा जाता है और इसके बाद इसे पकाया जाता है। यहां पढ़ें पनीर भरवां शिमला मिर्च की रेसिपी -

सामग्री -

ये भी पढ़ें

कैबेज रोल्स है सेहत का खजाना

शिमला मिर्च - 4 (400 ग्राम)
पनीर - 250 ग्राम
हरे मटर के दाने - आधा कप
तेल - 2-3 टेबल स्पून
हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
जीरा - ½ छोटी चम्मच
हींग - 1 पिंच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
अदरक पेस्ट - ½ छोटी चम्मच
हरी मिर्च - 2 बारीक कटी हुई
लाल मिर्च - 1/4 छोटी चम्मच
अमचूर - 1/4 छोटी चम्मच
नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि -

स्टफिंग तैयार करें

इसके लिए पैन में 2 छोटे चम्मच तेल डाल कर गरम कर लीजिए। हींग और जीरा डाल दीजिए। जीरा भुनने के बाद हरी मटर के दाने डाल दीजिए, मसाला मिलाते हुए भूनिए और ढककर के 1-2 मिनिट धीमी आग पर पका लीजियए। मटर के भून जाने पर इसमें हल्दी पाउडर, अदरक का पेस्ट, बारीक कटी, हरी मिर्च, धनिया पाउडर, क्रम्बल किया हुआ पनीर, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर, 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार नमक और हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिलाएं। स्टफिंग बनकर के तैयार है। गैस से उतार लीजिए और ठंडा होने दीजिए।

शिमला मिर्च तैयार कर लीजिए। शिमला मिर्च अच्छी तरह धोइए, पानी सुखा लीजिए अब उनके डन्ठल चाकू की सहायता से निकाल दीजिए, साथ ही उनके अन्दर के बीज भी निकाल कर हटा दीजिए। एक शिमला मिर्च लीजिए और इसमें पनीर की स्टफिंग भर दीजिए। सारे शिमला मिर्च भर कर तैयार कर लीजिए।

पैन में २ टेबल स्पून डाल कर गरम कीजिए। तेल गरम होने पर इसमें 1/4 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर और 1/4 छोटी चम्मच नमक डाल कर मिला दीजिए अब इसमें शिमला मिर्च लगा कर रख दीजिए, और ढक दीजिए। 2 मिनिट बाद ढक्कन खोलकर उनको पलट दीजिए। अब दुबारा ढक दीजिए। 2-3 मिनिट बाद खोलिए और जिस ओर शिमला मिर्च नहीं सिके हैं उस साइड नीचे की तरफ करते हुए पलट दीजिए। शिमला मिर्च को सारे तरफ घुमा घुमा कर, हल्का ब्राउन होने तक सेक लीजिए। शिमला मिर्च सारे तरफ सिक गए हैं, शिमला मिर्च बन कर तैयार हैं।

भरवां शिमला मिर्च को प्याले में निकाल कर रख लीजिए और हरे धनिए से सजाएं। स्वादिष्ट भरवां पनीर शिमला मिर्च को आप परांठे, नान, चपाती या चावल किसी के भी साथ परोसिए और खाइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।

ये भी पढ़ें

सौंठ और हरी चटनी के साथ ले तीखे राजस्थानी मिर्ची वड़े का स्वाद

Also Read
View All