शाकाहारी

स्टफ्ड पनीर कोफ्ता है पार्टी रेसिपी

कोफ्ते वैसे ही बहुत टेस्टी लगते हैं, वहीं अगर कोफ्ते स्टफ्ड हों तो क्या कहने। स्टफ्ड पनीर कोफ्ता एक पार्टी रेसिपी है।

3 min read
Feb 17, 2018
Stuffed Paneer Kofta

कोफ्ते वैसे ही बहुत टेस्टी लगते हैं, वहीं अगर कोफ्ते स्टफ्ड हों तो क्या कहने। स्टफ्ड पनीर कोफ्ता एक पार्टी रेसिपी है। यह सब्जी आप जब भी बनाएंगे, आपको इसके लिए तारीफें जरूर मिलेंगी। इसे बनाने में थोड़ा समय जरूर लगता है, लेकिन यह बहुत ही टेस्टी बनता है, इसलिए इस पर थोड़ा समय खर्च करना वाजिब होगा। यहां पढ़ें स्टफ्ड पनीर कोफ्ता की रेसिपी -

सामग्री -

ये भी पढ़ें

घर में भी बना सकते हैं रेस्टोरेंट स्टाइल चटपटी भेल पूरी

कोफ्ता बनाने के लिए

पनीर - 300 ग्राम
अरारोट - 4 टेबल स्पून
आलू - 2-3 उबले हुए
नमक - स्वादानुसार (आधा छोटी )
हल्दी पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
हरी मिर्च - 2
अदरक - 1/2 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
धनिया पाउडर - आधा छोटी चम्मच
अमचूर पाउडर - 1 चौथाई छोटी चम्मच से कम
तेल - कोफ्ता तलने के लिए
तरी बनाने के लिए

टमाटर - 4-5 मध्यम आकार के
हरी मिर्च - 2
अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
तेल - 2 टेबल स्पून
जीरा - 1/4 छोटी चम्मच
हींग - 1 पिंच
हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
क्रीम - 100 ग्राम (1/2 कप)
लाल मिर्च - 2 पिंच
नमक - स्वादानुसार (3/4 छोटी चम्मच)
गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
हरा धनिया - 2 टेबल स्पून ( बारीक कतरा हुआ)

विधि -

कोफ्ता बनाइए -

पनीर में अरारोट और आधा छोटी चम्मच नमक डालिए, अच्छी तरह मसल मसल कर पनीर को चिकना और मुलायम कर लीजिए।

आलू छीलिए, एकदम बारीक तोड़िए, नमक, हल्दी पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, धनिया पाउडर और अमचूर पाउडर डाल कर मिला कर, बारीक और आटे की तरह गूथ कर तैयार कर लीजिए।

पनीर के मिश्रण से १२- १४ गोले बराबर के बना लीजिए। आलू के मिश्रण से भी उतने ही गोले बनाकर तैयार कर लीजिए।

पनीर के एक गोले को लेकर हथेली पर रखिए, चपटा कीजिए, आलू का एक गोला उठाइए और पनीर के चपटे किये गोले के ऊपर रखिए, पनीर को चारों ओर से उठाकर, आलू के गोले को बन्द करते हुए गोल कर लीजिए, इसी तरह सारे पनीर के गोले, में आलू के गोले भर कर तैयार करके प्लेट में लगा लीजिए। तैयार गोले सैट होने के लिए २० मिनिट के लिए फ्रिज में रख दीजिए।

कोफ्ता तलने के लिए कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिए, तेल पर्याप्त गरम होने पर ४-५ कोफ्ता गरम तेल में डालिए और गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर, निकाल कर प्लेट में रखिए, सारे कोफ्ता इसी तरह तल कर निकाल लीजिए। भरवां पनीर के कोफ्ते तैयार हैं। आप इन्हें स्टार्टर के रूप में परोस सकते हैं।

तरी बनाइए -
टमाटर धोइए, बड़े टुकड़े में काट लीजिए, हरी मिर्च को डंठल तोड़ कर धो लीजिए, अदरक को छील कर धो लीजिए और टुकड़े कर लीजिए, सारी चीजें मिक्सर में डालकर बारीक मसाला पीस लीजिए।

कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिए, गरम तेल में जीरा और हींग डालिए, जीरा हल्का ब्राउन होने पर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डालिए, मसाला हल्का सा ही भूनने पर टमाटर का पिसा मसाला और लाल मिर्च डालिए और २ -३ मिनिट तक या टमाटर के पकने तक भूनिए, अब क्रीम डाल कर मसाले को तब तक भूनिए जब तक मसाला के ऊपर तेल न आ जाए।

भुने मसाले में २ कप पानी या आप तरी को जितना पतला रखना चाहते हैं उसके अनुसार पानी, नमक और गरम मसाला डालिए। तरी में उबाल आने के बाद २ मिनिट तक पकने दीजिए, तरी बन चूकी है, तरी में कोफ्ता डाल कर ढक दीजिए।

पनीर भरवां कोफ्ता सब्जी तैयार है, सब्जी को प्याले में निकालिए और हरा धनिया डाल कर सजाइए। पनीर भरवां कोफ्ते सब्जी के साथ चपाती, नान, परांठे या चावल परोसिए और खाइए।

पाउडर गरम मसाला की जगह साबुत गरम मसाला दरदरा कूट कर डालें तो ताजा कुटे गरम मसाले का स्वाद बहुत ही लाजवाब होता है।

भरवां पनीर कोफ्ता करी को आप कई तरह की ग्रेवी में बना सकते हैं। भरवां पनीर कोफ्ता हरे धनिए की चटनी के साथ आप खाने से पहले स्टार्टर के रूप में या शाम के नाश्ते में भी परोस सकतीं है।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।

ये भी पढ़ें

ऐसे बनाएं जिमीकंद, बच्चे भी चाट जाएंगे उंगलियां
Also Read
View All