
विदिशा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करवाने के लिए सख्त रुख अख्तियार करने लगा है। गुरुवार को रेलवे अधिकारियों, बैंकर्स, प्रिंटिंग प्रेस, डॉकघर, आयकर, विक्रय कर अधिकारियों सहित अन्य विभागों आदि की दिनभर अलग-अलग बैठकें चलती रहीं।
इस दौरान कलेक्टर केवी सिंह ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी बैंक में यदि ऐसा खातेदार जो बार-बार 1 लाख रुपए या इससे अधिक की राशि खाते में जमा कर रहा है या निकाल रहा है, तो इस पर नजर रखी जाए।
उन्होंने कहा कि खासकर ऐसे खातेदार जो पहले कभी 1 लाख या इससे अधिक की राशि का लेनदेन कभी नहीं करते थे या कभी कभार करते थे और अब आए दिन कर रहे हैं।
तो इनके खातों पर नजर रखी जाए और इसकी सूचना तत्काल आयकर विभाग को दी जाए। इसी प्रकार 10 लाख या इससे अधिक लेनदेने होने या कोई अन्य संदिग्ध खातेदार लगने पर भी आयकर विभाग को इसकी सूचना दी जाना है। जिससे राशि का दुरुपयोग चुनाव संबंधी कार्यों में नहीं किया जा सके। इसके अलावा भी बैंकर्स को चुनाव तक काफी सतर्कता बरतने के लिए कहा। बैठकों के दौरान जिला उप निर्वाचन अधिकारी संदीप अष्ठाना, एसडीओपी पिंकी जीवनानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
टोल फ्री नम्बर पर करें शिकायत
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी केवी सिंह ने कहा कि चुनाव को लेकर किसी की किसी भी प्रकार की शिकायत है, तो जिला प्रशासन के टोलफ्री नम्बर 18002337017 या 07592-233302 पर संपर्क का सूचना दे सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश के टोलफ्री नम्बर 1950 पर भी जानकारी दी जा सकती है।
ट्रेन के संदिग्ध यात्रियों की हो विशेष जांच
रेलवे अधिकारियों की बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि रेलवे स्टेशन परिसर सहित आसपास निगरानी रखी जाए। ट्रेनों से आने-जाने पर विशेष नजर रहे और संदिग्ध यात्रियों के साथ ही उनके सामान की विशेष जांच की जाए। जिससे शहर में ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब, रुपया या अन्य आपराधिक सामग्री नहीं आ सके।
कुछ भी छपवाने पर तीन दिन में दें जानकारी
विभिन्न प्रिंटिंग प्रेस वालों की बैठक कर कलेक्टर ने कहा कि कोई भी प्रत्याशी या राजनीतिक दल का व्यक्ति कोई भी प्रचार सामग्री या अन्य कुछ छपवाता है, तो उस पर उसका नाम, नम्बर, पता आदि लिखने के साथ ही उसका पूरा पहचान और एड्रेस पू्रफ लिया जाए। वहीं जिसने जो भी पम्पलेट, फ्लेक्स आदि जितने छपवाए हैं इसकी संख्या और खर्चे की राशि की सूचना तीन दिन के भीतर हर हाल में प्रशासन को दी जाए। इसके साथ ही अन्य नियमों का पालन करने के लिए भी कहा।
समय पर हो वितरित हो डाक
डाकघर अधिकारियों की बैठक कर उन्हें निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध पार्सल आदि पर नजर रखी जाए और विभिन्न विभागों आदि से संबंधित पार्सल समय पर पहुंचाए जाएं जिससे किसी भी प्रकार की जानकारी या सामान समय पर मिल सके। इसके साथ ही सेल्स टैक्स अधिकारियों की बैठक कर उन्हें भी निर्देशित कर आयोग के निर्देशों का पालन करवाने के लिए कहा।