एक ऐसी ही प्रेम कहानी के बारे में बता रहे हैं, जिसने अपनी पत्नी के प्रेम के लिए पहाड़ का सीना छलनी कर दिया
- डॉ. शिल्पा जैन सुराणा
प्रेम की कोई परिभाषा नही होती, लेकिन उसी तरह कुछ प्रेम कहानियां ऐसी होती हैं कि वक़्त के थपेड़े भी उन्हें नहीं मिटा पाते। मांझी की कहानी को सबने बड़े पर्दे पर देखा कि कैसे एक आदमी में ने अपने प्यार के लिये एक पूरे पहाड़ को ही तोड़ दिया। आज हम आपको एक ऐसी ही प्रेम कहानी के बारे में बता रहे हैं, जिसने अपनी पत्नी के प्रेम के लिए पहाड़ का सीना छलनी कर दिया। 2007 में Liu Guojiang की मौत हुई थी, उनकी पत्नी Xu Chaoqing, 2012 में दुनिया छोड़ गयीं, लेकिन आज भी उनकी प्रेम कहानी एक पहाड़ पर मौजूद है।
Xu की आख़िरी इच्छा थी कि उसे अपने पति के पास ही दफ़नाया जाये। दुनिया छोड़ते हुए भी उसके चेहरे पर मुस्कान थी, क्योंकि वो उस आदमी के पास हमेशा के लिए जा रही थी, जिससे वो प्यार करती थी, जिसके साथ उसने पांच दशक बिताये।
1956 में Xu ने अपने पहले पति को खो दिया था और गरीबी में चार बच्चों के साथ अकेली रह गई थी। Liu उससे दस साल उम्र में छोटा था। पति की मौत के बाद वो उसकी मदद करने लगा और उसके बच्चों का भी ख्याल रखने लगा। उनके गांव वालों को उनके इस रिश्ते से ऐतराज़ होने लगा।
उनके बारे में लोग बातें करने लगे। एक दिन उन्होंने इस सब से दूर जाने का फ़ैसला कर लिया और भाग गए। उस वक़्त उन्हें समाज का बहुत विरोध झेलना पड़ा था। एक विधवा को नई दुनिया बसाते देखना लोगों को रास नहीं आ रहा था। उन्होंने एक पहाड़ पर गुफ़ा में अपनी छोटी सी दुनिया बसा ली। वहां कोई सुविधा नहीं थी, लेकिन प्यार बहुत था।
Liu ने देखा कि उसकी पत्नी को फिसलन भरे पहाड़ पर चढ़ने में बहुत दिक्कत होती है। छेनी निकाल कर उसने धीरे-धीरे पहाड़ पर सीढ़ियां बनाना शुरू कर दिया। वो जब तक ज़िन्दा रहा, ये करता रहा। 50 सालों में वो एक भी दिन एक-दूसरे से जुदा नहीं रहे। दुनिया उनके बारे में नहीं जानती थी, जब तक 2001 में एक अभियान दल ने उन्हें खोजा नहीं।
इस जोड़े के कुल 7 बच्चे थे। 72 साल की उम्र में Liu ने अपनी बीवी की गोद में आख़िरी सांस ली। Xu के पहले पति की मौत होने से पहले से Liu उसे चाहता था। वो उसी के जैसे किसी इंसान के साथ ज़िन्दगी बिताना चाहता था। लेकिन उसने उसी औरत की गोद में आख़िरी सांस ली, जिसे वो चाहता था।
उसकी मौत के पांच साल बाद, 87 साल की उम्र में Xu भी इस दुनिया से रुख्सत हो गई। आज भी पत्नी के लिए बनाई Liu की वो 6,000 सीढ़ियां उस जगह जाने वालों को इन दोनों की प्रेम कहानी सुनाया करती हैं।