विदेश

Andy Burnham: ब्रिटेन में बड़ा राजनीतिक बदलाव, एंडी बर्नहैम बने लेबर पार्टी के नए नेता, अगला प्रधानमंत्री बनना तय

UK New Prime Minister: ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी ने एंडी बर्नहैम को नया नेता चुन लिया है। कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद बर्नहैम सोमवार को यूनाइटेड किंगडम के अगले प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे।
2 min read
Jul 17, 2026
new uk pm
एंडी बर्नहैम का ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री बनना तय(फोटो-X/@PolitlcsUK)

Who Will Be Britain's Next PM: ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी ने शुक्रवार को अनुभवी नेता एंडी बर्नहैम को अपना नया नेता चुन लिया। वह कीर स्टार्मर की जगह लेंगे और सोमवार को औपचारिक रूप से यूनाइटेड किंगडम के नए प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे। स्टार्मर के इस्तीफे के बाद हुए नेतृत्व चुनाव में बर्नहैम को पार्टी सांसदों का भारी समर्थन मिला है। एंडी बर्नहैम के प्रधानमंत्री बनने के साथ ही ब्रिटेन को पिछले 10 वर्षों में सातवां प्रधानमंत्री मिलेगा। इसे देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर और लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता एंडी बर्नहैम को कीयर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद पार्टी का नया नेता चुना गया। स्टार्मर ने पार्टी के चुनावी प्रदर्शन और घटते जनसमर्थन को लेकर बढ़ते आंतरिक दबाव के बीच इस सप्ताह अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

पार्टी सांसदों का मिला भारी समर्थन

नेतृत्व चुनाव में एंडी बर्नहैम को मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लेबर पार्टी के 403 में से 379 सांसदों का समर्थन मिला। इस भारी समर्थन के साथ उन्होंने संभावित सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया और पार्टी की कमान अपने हाथ में ले ली।

लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की अध्यक्ष और ब्रिटेन की गृह सचिव शबाना महमूद ने लंदन में आयोजित विशेष पार्टी सम्मेलन के दौरान एंडी बर्नहैम के नए नेता चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि नेतृत्व चुनाव में केवल एक सांसद ने नामांकन दाखिल किया था, इसलिए परिणाम को लेकर किसी तरह की अनिश्चितता नहीं थी।

बर्नहैम ने क्या कहा?


नेता चुने जाने के बाद आयोजित विशेष पार्टी सम्मेलन को संबोधित करते हुए एंडी बर्नहैम ने कहा कि देश के लोग और विभिन्न क्षेत्र लंबे समय से ऐसी राजनीति का इंतजार कर रहे हैं, जो उन्हें फिर से उम्मीद दे सके। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य ब्रिटिश नागरिकों को दोबारा उम्मीद देना होगा। बर्नहैम ने आर्थिक विकास को गति देने, सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत बनाने और क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

कीर स्टार्मर सोमवार को आधिकारिक तौर पर देंगे इस्तीफा


सोमवार को मौजूदा प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर आधिकारिक तौर पर सम्राट किंग चार्ल्स तृतीय को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद किंग चार्ल्स तृतीय एंडी बर्नहैम को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे। इसी प्रक्रिया के साथ ब्रिटेन में नए प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता का औपचारिक ट्रांसफर पूरा हो जाएगा।

Updated on:
17 Jul 2026 05:52 pm
Published on:
17 Jul 2026 05:30 pm