विदेश

Australian Girl Killed In Pakistan: पाकिस्तान में पुलिस की गोली से ऑस्ट्रेलियाई बच्ची की मौत, गलतफहमी की हुई शिकार, निष्पक्ष जांच की मांग

Pakistan: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस की गलती से ऑस्ट्रेलियाई बच्ची हानिया की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई घायल हो गए। मामले में पुलिस अधिकारी गिरफ्तार किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

2 min read
Jun 16, 2026
Pakistan News
Australian Girl Killed In Pakistan: ऑस्ट्रेलियाई बच्ची की मौत(फोटो-'X'/@idrwalerts)

Australian Girl Killed by Police in Pakistan: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस की एक गंभीर गलती के कारण ऑस्ट्रेलिया की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई घायल हो गए। इस घटना के बाद पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों में चिंता बढ़ गई है। मामले में गोली चलाने वाले पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग भी उठ रही है। जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार पुलिस को एक परिवार के साथ कार में लूटपाट की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान संदिग्धों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बेहद तनावपूर्ण थे और इसी बीच एक पुलिस अधिकारी ने स्थिति का गलत आकलन कर लिया।

गलतफहमी की शिकार हुई बच्ची


पुलिस अधिकारी को लगा कि संदिग्ध अपराधी परिवार की कार में बैठकर मौके से भागने की कोशिश कर रहे हैं। इसी गलतफहमी के आधार पर उसने कार पर गोली चला दी। बाद में पता चला कि जिस वाहन को संदिग्धों का समझा गया था, उसमें ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों का परिवार सवार था। गोली लगने से ऑस्ट्रेलियाई बच्ची हानिया की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई घायल हो गए। मृतक बच्ची के परिवार का संबंध ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर से है। परिवार पाकिस्तान में अपने रिश्तेदारों से मिलने आया हुआ था। बच्ची की उम्र को लेकर भी अलग-अलग जानकारी सामने आई है। पंजाब पुलिस ने उसकी उम्र 10 वर्ष बताई है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने उसे नौ वर्ष का बताया है।

जांच के आदेश जारी


घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच हो ताकि सच्चाई सामने आ सके। अल्बनीज ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इससे परिवार के कई सदस्य प्रभावित हुए हैं।

उधर, पंजाब पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना की सभी परिस्थितियों की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
16 Jun 2026 01:58 am