
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो: एएनआई)
Middle East US-Iran Agreement: ईरान के साथ हुए समझौते के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अब फिर से सुरक्षित हो गया है और तेल से भरे जहाजों की आवाजाही शुरू हो चुकी है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि कई तेल टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से निकलकर दक्षिणी समुद्री मार्ग से आगे बढ़ रहे हैं, जो पूरी तरह सुरक्षित और खुला है।
अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 107 दिनों से जारी सैन्य तनाव को समाप्त करने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। दोनों देशों ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग स्ट्रेट होर्मुज को दोबारा खोलने और सैन्य गतिविधियों को रोकने पर सहमति जताई है। इस समझौते को औपचारिक रूप देने के लिए आगामी शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है। हालांकि समझौते की पूरी शर्तें अभी सार्वजनिक नहीं की गई हैं, लेकिन माना जा रहा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम समेत कई संवेदनशील विषयों पर आगे अलग से बातचीत की जाएगी। इस बीच अमेरिका ने संकेत दिया है कि वह ईरान पर लगाए गए कुछ आर्थिक प्रतिबंधों में राहत देने पर विचार कर सकता है। इससे युद्ध की मार झेल रही ईरानी अर्थव्यवस्था को सहारा मिलने के साथ तेल निर्यात बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।
ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन पर समझौते की पुष्टि करते हुए बताया कि यह सहमति कतर की मध्यस्थता में हुई लंबी बातचीत का परिणाम है। तेहरान में 14 घंटे से अधिक समय तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्ष एक साझा समझ तक पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुक्रवार को औपचारिक हस्ताक्षर होने तक ईरान इस समझौते को लागू नहीं करेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस समझौते की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है और यह क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट में मुक्त समुद्री आवाजाही बहाल करने तथा अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने की मंजूरी देने की भी घोषणा की।
Updated on:
15 Jun 2026 11:36 pm
Published on:
15 Jun 2026 09:47 pm
