विदेश

बिल गेट्स ने कबूले 3 अफेयर, कहा- ‘एपस्टीन ने इन्हें दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की’

Bill Gates: माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही में तीन अफेयर स्वीकार किए हैं। गेट्स ने दावा किया कि जेफ्री एपस्टीन को इन रिश्तों की जानकारी थी और उसने इसी आधार पर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की, हालांकि वह सफल नहीं हुआ।
2 min read
Jun 25, 2026
Bill Gates news
बिल गेट्स(फोटो-ANI)

Bill Gates News: माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने अमेरिकी कांग्रेस के सामने पूछताछ के दौरान अपने अफेयर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। गेट्स ने माना कि शादीशुदा रहते हुए उनके तीन महिलाओं के साथ संबंध रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि कारोबारी और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन को इन रिश्तों की जानकारी थी और उसने इसी आधार पर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि गेट्स का कहना है कि एपस्टीन अपने मकसद में सफल नहीं हुआ। यह खुलासा तब हुआ जब अमेरिकी हाउस ओवरसाइट कमेटी के सामने गेट्स पेश हुए। यह पूछताछ एपस्टीन से जुड़े मामलों और उसके प्रभावशाली लोगों के साथ रिश्तों की जांच के सिलसिले में की गई थी।

किन महिलाओं का नाम आया?


मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बिल गेट्स ने दो रूसी महिलाओं के साथ अपने संबंधों का जिक्र किया। इनमें ब्रिज खिलाड़ी मिला एंटोनोवा और परमाणु वैज्ञानिक करीमा निगमतुलिना का नाम शामिल है। बाद में पूछताछ के दौरान एक ईमेल का जिक्र होने पर गेट्स ने तीसरे संबंध को भी स्वीकार किया। यह संबंध मेडिकल बिजनेस से जुड़ी डॉ. एलिस जैकब्स नेसेलरॉड के साथ बताया गया। गवाही के दौरान जब एपस्टीन के एक ईमेल का हवाला दिया, जिसमें डॉ. नेसेलरॉड का नाम था, तब गेट्स ने माना कि उनका उनके साथ भी अफेयर रहा था।

गेट्स ने एपस्टीन पर क्या आरोप लगाया?


बिल गेट्स ने हाउस ओवरसाइट कमेटी से कहा कि एपस्टीन को उनके निजी संबंधों की जानकारी थी और उसने इस जानकारी का इस्तेमाल उनके साथ संपर्क बनाए रखने या दोबारा जुड़ने के लिए दबाव बनाने में करने की कोशिश की। गेट्स के मुताबिक, एपस्टीन की सोच ब्लैकमेल की दिशा में जाती दिख रही थी, लेकिन वह वास्तव में उन्हें ब्लैकमेल नहीं कर सका। गेट्स ने यह भी कहा कि एपस्टीन की ओर से दबाव बनाने की कोशिश की जाती थी।

एपस्टीन के अपराधों की जानकारी से किया इनकार


गेट्स ने कांग्रेस के सामने यह भी कहा कि उन्हें एपस्टीन के अपराधों की जानकारी नहीं थी और उन्होंने कभी उसे किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल होते नहीं देखा। गेट्स ने साफ कहा कि वह एपस्टीन के आइलैंड, रैंच या फ्लोरिडा वाले घर नहीं गए थे और न ही उन्होंने किसी को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अगर एपस्टीन ने निजी रिश्ता बनाने की कोशिश की भी, तो उसमें उनकी कोई रुचि नहीं थी।

मुझे कभी STD नहीं हुआ- गेट्स

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पूछताछ के दौरान गेट्स ने उन आरोपों से भी इनकार किया कि उन्हें कभी यौन संचारित रोग (STD) हुआ था या उन्होंने किसी को चुपचाप दवा दी थी। उन्होंने कहा कि संभव है कि कभी उन्होंने किसी स्वास्थ्य संबंधी किसी बात का जिक्र अपने पूर्व साइंस एडवाइजर बोरिस निकोलिक से किया हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें STD था। गेट्स ने साफ कहा कि उन्हें कभी STD नहीं हुआ और उन्होंने किसी को गुप्त रूप से दवा नहीं दी।

एपस्टीन से मुलाकातों पर भी दी सफाई


गेट्स ने बताया कि उनकी एपस्टीन से मुलाकात 2011 से 2014 के बीच हुई थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान उनकी 12 से 14 मुलाकातें हुईं और दो स्काइप कॉल भी हुए। गेट्स का कहना है कि इन बैठकों का मकसद चैरिटी वाले कामों के लिए डोनेट करने वालों को जोड़ना था। उन्होंने यह भी माना कि एपस्टीन से मिलना गंभीर भूल थी और बाद में जब यह साफ हो गया कि वह अपने वादे पूरे नहीं करेगा, तो उन्होंने 2014 में उससे दूरी बना ली।

Published on:
25 Jun 2026 02:51 am
Also Read
View All
यूरोप में रिकॉर्डतोड़ गर्मी: फ्रांस में में टूटे रिकॉर्ड, ब्रिटेन में बकिंघम पैलेस का गार्ड समारोह रुका, हीटवेव ने बिगाड़ी जनजीवन की रफ्तार

परमाणु हथियार को लेकर ईरान का दो टूक, कहा- अमेरिकी डील से पहले न्यूक्लियर ठिकानों की जांच की अनुमति नहीं देंगे

रूस में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत, जिस तेल रिफाइनरी को यूक्रेन ने किया तबाह, उससे क्या-क्या हुआ असर?

इजरायल ने फिर किया लेबनान का बड़ा हमला: हवाई अटैक में एसयूवी के उड़े परखच्चे, दो लोगों की दर्दनाक मौत

Pentagon: जंग लड़ते-लड़ते अमेरिका के पास कम हो गए हथियार, क्या अब नये हथियार खरीदेंगे डोनाल्ड ट्रंप?