विदेश

डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला $1 का ‘गोल्ड कॉइन’ आया सामने, अमेरिका में छिड़ी बहस

Donald Trump $1 coin: अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला $1 'गोल्ड कॉइन' जारी किया जाएगा। जानिए इस स्मारक सिक्के का डिजाइन, खासियतें और इसे लेकर क्यों छिड़ा विवाद।
2 min read
Jul 16, 2026
DonaldTrump coin
डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला 1 डॉलर का सिक्का (Photo- X/@SecScottBessent)

Donald Trump commemorative coin: चार जुलाई को अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे हुए। इस मौके पर अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने घोषणा की कि अमेरिकी मिंट (US Mint) देश की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाले $1 के गोल्ड कॉइन का उत्पादन शुरू करेगा। यह सिक्का इस साल शरद ऋतु में जारी किया जाएगा। ट्रेजरी अधिकारियों ने बताया कि इसका अंतिम डिजाइन इसी साल की शुरुआत में अमेरिकी कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स ने मंजूर किया था। इस आयोग के सदस्यों की नियुक्ति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी।

हालांकि, बुधवार को दिखाया गया कॉइन पहले मंजूर किए गए डिजाइन से पूरी तरह मेल नहीं खाता। इसमें कुछ बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि यह सिक्का ठोस सोने का नहीं होगा, बल्कि इस पर गोल्ड फिनिश, यानी सोने जैसी परत, चढ़ाई जाएगी।

इस कॉइन को लेकर अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह सिक्का आजादी की स्थायी विरासत और देशभक्ति के प्रतीक को सम्मान देने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला यह सिक्का अमेरिकी मूल्यों की मजबूती और स्वतंत्रता की रक्षा के प्रति देश के संकल्प को दर्शाता है।

अमेरिका में छिड़ी बहस

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग की घोषणा और व्हाइट हाउस की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद इस फैसले की कड़ी आलोचना हो रही है।

इसकी वजह यह है कि अमेरिकी कानून के अनुसार जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर अमेरिकी मुद्रा पर लगाने की अनुमति नहीं है। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में सिक्के ढालने और जारी करने का अधिकार ट्रेजरी सचिव के पास होता है।

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आलोचकों के निशाने पर आए हों। इससे पहले भी वह कई प्रमुख संस्थानों और परियोजनाओं पर अपना नाम और तस्वीर जोड़ने की कोशिश कर चुके हैं। इसके अलावा, मार्च में यह भी घोषणा की गई थी कि अमेरिकी कागजी मुद्रा पर ट्रंप के हस्ताक्षर दिखाई देंगे। ऐसा होने पर यह पहली बार होगा जब किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति के हस्ताक्षर कानूनी मुद्रा पर होंगे। इस बदलाव के तहत 1861 के बाद पहली बार अमेरिकी कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर हटाए जाएंगे।

ट्रंप कॉइन का डिजाइन कैसा है?

नए सिक्के के सामने वाले हिस्से पर डोनाल्ड ट्रंप को सूट और टाई पहने हुए गंभीर भाव में दिखाया गया है। सिक्के के ऊपरी हिस्से पर 'LIBERTY' लिखा है, जबकि नीचे 1776–2026 अंकित है। बीच में 'IN GOD WE TRUST' लिखा गया है।

सिक्के के पीछे वाले हिस्से पर अमेरिका का पारंपरिक बाल्ड ईगल (Bald Eagle) बना है, जो अमेरिकी राष्ट्रीय प्रतीक का हिस्सा है। ऊपर की ओर 'UNITED STATES OF AMERICA' लिखा है। चील की छाती पर बने ढाल पर लैटिन भाषा का वाक्य 'E PLURIBUS UNUM' अंकित है, जिसका अर्थ है- 'अनेक में से एक।'

Updated on:
16 Jul 2026 11:48 am
Published on:
16 Jul 2026 11:47 am