
US President Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के इतिहास का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। यह सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को टेक्सास के डलास में होगा। इसका उद्देश्य मिडटर्म चुनावों में मतदाताओं को सक्रिय करना और कांग्रेस में रिपब्लिकन पार्टी की बढ़त बरकरार रखने के लिए चुनावी माहौल तैयार करना है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रिपब्लिकन पार्टी पहली बार राष्ट्रपति चुनाव के बजाय मिडटर्म चुनाव से पहले राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगी। ट्रंप लंबे समय से इस तरह के आयोजन की वकालत कर रहे थे। उनका मानना है कि इससे उन चुनावों में भी पार्टी के समर्थकों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा सकेगा, जिनमें वह स्वयं उम्मीदवार नहीं होंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सम्मेलन के दौरान रिपब्लिकन पार्टी साल 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद अपनी सरकार की उपलब्धियों को देश के सामने रखेगी।
मिडटर्म चुनाव रिपब्लिकन पार्टी के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। फिलहाल पार्टी के पास कांग्रेस में मामूली बहुमत है। यदि डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) या सीनेट में से किसी एक सदन पर भी नियंत्रण हासिल कर लेती है, तो ट्रंप के विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है। साथ ही डेमोक्रेट्स उनके प्रशासन की जांच भी शुरू कर सकते हैं।
सम्मेलन के लिए टेक्सास के डलास को चुनने के पीछे भी राजनीतिक रणनीति मानी जा रही है। राज्य में सीनेट चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार जेम्स टालारिको और रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन के बीच मुकाबला होना है। केन पैक्सटन, जो टेक्सास के अटॉर्नी जनरल हैं, ने ट्रंप के समर्थन से इस वर्ष रिपब्लिकन प्राइमरी में लंबे समय से सीनेटर रहे जॉन कॉर्निन को हराया था। हालांकि पैक्सटन का नाम विवाह से इतर संबंध, महाभियोग जैसे विवादों से भी जुड़ चुका है। पार्टी नेतृत्व को आशंका है कि ये विवाद चुनाव में उनके लिए नुकसानदेह साबित हो सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, डेमोक्रेटिक पार्टी ने भी मिडटर्म चुनाव से पहले इसी तरह का सम्मेलन आयोजित करने पर विचार किया था, लेकिन बाद में इस योजना को फिलहाल स्थगित कर दिया। हालांकि 1970 और 1980 के दशक में डेमोक्रेटिक पार्टी इस तरह के सम्मेलन आयोजित कर चुकी है। रिपब्लिकन पार्टी का मानना है कि डलास सम्मेलन प्रमुख चुनावी मुकाबलों पर मतदाताओं का ध्यान केंद्रित करने और कांग्रेस पर नियंत्रण की लड़ाई से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों में उत्साह बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।