
Europe Heatwave 2026: यूरोप इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और इसका असर अब सिर्फ मौसम तक सीमित नहीं रहा। फ्रांस में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, वहीं ब्रिटेन में हालात इतने गंभीर हो गए कि बकिंघम पैलेस और विंडसर कैसल में होने वाला मशहूर 'चेंजिंग ऑफ द गार्ड' समारोह हफ्ते के बाकी दिनों के लिए स्थगित करना पड़ा। पश्चिमी यूरोप में फैली इस हीटवेव ने स्कूल, ट्रांसपोर्ट, टूरिस्ट और सार्वजनिक आयोजनों तक को प्रभावित कर दिया है।
ब्रिटेन में भी गर्मी का असर अब शाही आयोजनों तक पहुंच गया है। बकिंघम पैलेस और विंडसर कैसल में होने वाला 'चेंजिंग ऑफ द गार्ड' समारोह इस सप्ताह के बाकी दिनों के लिए रोक दिया गया है। इससे जुड़े अधिकारियों का कहना है कि मौसम एक्सपर्ट्स की ओर से जारी अत्यधिक गर्मी की चेतावनी के बाद सैनिकों, घोड़ों और बड़ी संख्या में जुटने वाले दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया। लंदन और विंडसर में मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को औपचारिक गार्ड चेंज समारोह नहीं होगा।
अधिकारियों ने बताया कि 'किंग्स लाइफ गार्ड' की ड्यूटी पूरी तरह बंद नहीं की गई है, लेकिन बुधवार और शुक्रवार को यह बदलाव बिना औपचारिक समारोह के कराया जाएगा ताकि घोड़ों पर गर्मी का असर कम हो। आमतौर पर बड़ी संख्या में पर्यटक इन समारोहों को देखने पहुंचते हैं, इसलिए प्रशासन ने लोगों की भीड़ कम करने और सार्वजनिक किसी प्रकार के जोखिम से बचने के लिए यह फैसला लिया है।
हीटवेव का सबसे तीखा असर फ्रांस में देखने को मिला, जहां दक्षिण-पश्चिमी इलाके पिसोस में तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सरकारी मौसम एजेंसी मेटेओ-फ्रांस के मुताबिक, मंगलवार को देश का औसत दैनिक तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का रिकॉर्ड है। फ्रांस ने सिर्फ दिन का नहीं, बल्कि सबसे गर्म रात का रिकॉर्ड भी दर्ज किया। रात के दौरान औसत न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार बढ़ती गर्मी की वजह से स्कूलों, परिवहन सेवाओं और पर्यटक स्थलों पर असर पड़ा है।
हीटवेव का असर सिर्फ ब्रिटेन और फ्रांस तक सीमित नहीं है। पश्चिमी यूरोप के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच चुका है। फ्रांस में स्कूलों और ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर असर पड़ा है, जबकि ब्रिटेन में सरकारी एजेंसियों ने लोगों को अनावश्यक यात्रा कम करने और खुले में गतिविधियां सीमित रखने की सलाह दी है। यूरोप के कई लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। बड़ी भीड़ जुटाने वाले कार्यक्रमों में बदलाव किए जा रहे हैं और प्रशासन लगातार स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां जारी कर रहा है।