
Fuel Prices: ईरान युद्ध के कारण बढ़ती ईंधन कीमतों से राहत देने के लिए ग्रीस सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने घोषणा की है कि देश में इस गर्मी के दौरान पेट्रोल 10 सेंट प्रति लीटर और डीजल 5 सेंट प्रति लीटर सस्ता मिलेगा। यह राहत अगस्त के अंत तक लागू रहेगी। ग्रीस की संसद में महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत पर विपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने कहा कि देश की दो प्रमुख तेल रिफाइनरियों के साथ सरकार की सहमति बनी है, जिसके तहत ईंधन की कीमतों में अस्थायी कटौती की जाएगी।
ग्रीस के पीएम ने बताया कि यह व्यवस्था अगले महीने के अंत यानी अगस्त तक लागू रहेगी, ताकि आम लोगों को बढ़ती ईंधन कीमतों से राहत मिल सके। मध्य पूर्व में जारी तनाव और ईरान से जुड़े संघर्ष का असर ग्लोबल एनर्जी बाजार पर पड़ा है। इससे ग्रीस में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
सरकार का मानना है कि कीमतों में यह कटौती आम कंज्यूमर्स के साथ-साथ गर्मियों की छुट्टियों में यात्रा करने वाले लोगों को भी राहत देगी। गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में ग्रीक नागरिक गांवों और द्वीपों की यात्रा करते हैं, जिससे ईंधन की मांग बढ़ जाती है।
ग्रीस 2009 से 2018 के बीच चले गंभीर कर्ज संकट से उबर चुका है। प्रधानमंत्री मित्सोताकिस की सरकार 2019 में सत्ता में आने के बाद टैक्स में कटौती और वेतन वृद्धि जैसे कदम उठा चुकी है। इसके बावजूद बढ़ती महंगाई और मध्य पूर्व संघर्ष के कारण उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में इजाफा हुआ है। इससे ग्रीस के परिवारों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा है और देश की खरीदने की क्षमता अब भी यूरोपीय औसत से नीचे बनी हुई है।
इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री मित्सोताकिस की सत्तारूढ़ न्यू डेमोक्रेसी पार्टी ने ईंधन और फर्टिलाइजर पर सब्सिडी देने के साथ-साथ फेरी टिकटों पर छूट का भी ऐलान किया था। सरकार ने यह भी वादा किया है कि सितंबर से घरेलू सप्लायर और सुपरमार्केट के साथ हुई बातचीत के बाद खाने-पीने और अन्य जरूरी सामानों की कीमतें कम करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। ग्रीस में अगले वर्ष संसदीय चुनाव होने हैं।