
India tourist Visa for Bangladesh Citizens: भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा पर लगी पाबंदी हटा ली है। इस संबंध में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को घोषणा की। उन्होंने कहा बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा 28 जून से पांच वीजा केंद्रों से फिर से शुरू किए जाएंगे, जिनमें ढाका भी शामिल है।
उन्होंने बांग्लादेश के ढाका स्थित जमुना फ्यूचर पार्क स्थित इंडियन वीजा एप्लीकेशन सेंटर में कहा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हम पर्यटक वीजा के लिए सामान्य आवेदन प्रक्रिया फिर से शुरू कर रहे हैं, जिन्हें रविवार, 28 जून 2026 से जमा किया जा सकता है। हम मानवीय आधार पर आवश्यक चिकित्सा वीजा और अन्य आपातकालीन वीजा की सुविधा भी जारी रखेंगे।'
दिनेश त्रिवेदी ने बताया कि बांग्लादेश के पांच सेंटर्स ढाका, राजशाही, चटगांव, सिलहट और खुलना से टूरिस्ट वीजा जारी किए जाएंगे। इनका भविष्य में विस्तार भी किया जाएगा। हम आशा करते हैं कि यह संप्रभु देशों के बीच लोगों से लोगों के संबंधों को और मजबूत करेगा।
आपको बता दें कि टूरिस्ट वीजा को छोड़कर भारत प्रतिदिन सभी श्रेणियों में 1500 से अधिक वीजा जारी कर रहा है। चिकित्सा और अन्य आपातकालीन वीजा प्राथमिकता के आधार पर प्रोसेस किए जा रहे हैं। आपात जरूरत वाले लोगों की सहायता के लिए भी आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई थी। आपात जरूरत वाले लोगों की सहायता के लिए भी आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई थी।
दिनेश त्रिवेदी पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से पूर्व सांसद रह चुके हैं। उन्होंने यूपीए सरकार के दौरान मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री और बाद में रेल मंत्री के रूप में भी कार्य किया है। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर उन्होंने प्रणय कुमार वर्मा की जगह ली हैं। प्रणय कुमार वर्मा अब बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत के राजदूत की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। यहां आपको बता दें कि भारत सरकार ने बांग्लादेश में नियुक्त नए भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री दर्जा प्रदान किया है।