विदेश

होर्मुज पर ईरान का दबदबा, इजाजत लेकर 24 घंटों में गुजरे 28 जहाज

Strait of Hormuz: होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की पकड़ मजबूत दिखी। IRGC के अनुसार, उसकी निगरानी और सुरक्षा में पिछले 24 घंटों में 28 तेल टैंकर, कंटेनर और अन्य व्यापारिक जहाज सुरक्षित रूप से गुजरे।

2 min read
May 31, 2026
iran-us war update
फोटो में अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रंप और ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामनेई (इमेज सोर्स: ANI)

Strait of Hormuz Latest Update: ईरान और अमेरिका के बढ़ते तनाव के बीच ताजा जानकारी सामने आई है। ईरान ने दावा किया है कि होर्मुज से पिछले 24 घंटों में 28 जहाज उसकी निगरानी और सुरक्षा में इस रास्ते से गुजरे। इनमें तेल टैंकर, कंटेनर जहाज और अन्य व्यावसायिक पोत शामिल थे।

ईरानी मीडिया के मुताबिक, जहाजों को होर्मुज से गुजरने के लिए पहले IRGC से अनुमति लेनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें ट्रांजिट की मंजूरी दी गई। यह दावा ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा है। क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी हुई है और वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी नजर बनी हुई है। दुनिया के बड़े हिस्से का तेल इसी समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है, इसलिए यहां होने वाली हर गतिविधि अंतरराष्ट्रीय बाजार पर सीधा असर डालती है।

28 जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि फारस की खाड़ी क्षेत्र के मुस्लिम देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र है। संगठन का आरोप है कि हाल के समय में यहां बढ़ी असुरक्षा के लिए अमेरिकी सैन्य गतिविधियां जिम्मेदार हैं। उसका कहना है कि वह जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए होर्मुज स्ट्रेट पर लगातार निगरानी रख रहा है।

एक दिन पहले भी IRGC ने बताया था कि उसकी अनुमति और समन्वय के बाद 20 व्यावसायिक जहाज इस रास्ते से गुजरे थे। ईरानी सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक, जहाजों की आवाजाही अब एक नए सिस्टम के जरिए नियंत्रित की जा रही है, जिसे हाल ही में शुरू किया गया है।

ईरान ने इस महीने ‘पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी’ (PGSA) नाम की नई संस्था बनाई है। इसका काम होर्मुज जलडमरूमध्य में होने वाली गतिविधियों की निगरानी और प्रबंधन करना है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और ऊर्जा व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है।

हालांकि, अमेरिका ने PGSA पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ईरान इस संस्था के जरिए गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों से धन वसूल रहा है। इसी वजह से अमेरिका ने PGSA को अपनी प्रतिबंधित संस्थाओं की सूची में शामिल कर लिया है।