
US-Iran Conflict: ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ईरानी सेना के पूरी तरह नियंत्रण में है। साथ ही गालिबाफ ने कहा कि ईरान ने दुश्मन को यह समझने पर मजबूर कर दिया है कि वह ईरानी मिसाइलों को रोक नहीं सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर युद्ध अगले दौर में जाता है, तो ईरान को सैन्य रूप से और ज्यादा बढ़त हासिल होगी। ईरानी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, उन्होंने कहा कि उनका देश दुश्मन की तुलना में तेजी से अपनी सैन्य क्षमता दोबारा मजबूत कर रहा है।
गालिबाफ ने आरोप लगाया कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के दक्षिणी रास्ते का इस्तेमाल करना चाहता है। उनके अनुसार, यह समझौता ज्ञापन (MOU) का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिका को ऐसा करने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि जो जहाज अमेरिका के प्रभाव में आकर होर्मुज पार करने की कोशिश करते हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। इसके साथ ही गालिबाफ ने कहा कि अगर ईरान को फारस की खाड़ी से अपना तेल निर्यात करने से रोका गया तो वह दूसरे देशों के तेल निर्यात को भी रोक सकता है।
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज की स्थिति फिलहाल ठीक है और अमेरिकी नौसेना की मदद से हर रोज औसतन करीब 30 जहाज इस रास्ते से गुजर रहे हैं। इस पर गालिबाफ का कहना है कि अमेरिका जहाजों को हॉर्मुज के दक्षिणी रास्ते से गुजरने की झूठी गारंटी दे रहा है। गालिबाफ के मुताबिक, जो जहाज इस रास्ते से जाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान जलडमरूमध्य को खोलने की अनुमति नहीं देगा।
हालांकि, गालिबाफ ने यह माना कि अमेरिका कुछ जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकालने में कामयाब रहा है। लेकिन फिर भी उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरानी सेना का होर्मुज पर पूरा नियंत्रण बना हुआ है। उनका कहना है कि ईरान इसे खोलने की अनुमति नहीं देगा।