16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ का बड़ा बयान, कहा- ‘लेबनान में शांति ईरान जितनी ही जरूरी’

Iran Lebanon Ceasefire: ईरान के संसद अध्यक्ष ने लेबनान में स्थायी युद्धविराम के लिए अमेरिका को मजबूर करने की बात कही। इजरायली हमलों के बीच तेहरान ने शांति वार्ता पर अपना रुख किया साफ।

2 min read
Google source verification
Irani Parliament Speaker Mohammad Bagher Ghalibaf

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़(Photo- ANI)

Mohammad Bagher Ghalibaf on Iran-US Peace Talks: अमेरिका के साथ फिर से होने वाली शांति वार्ता की संभावनाओं के बीच ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने लेबनानी समकक्ष नबीह बेरी से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि लेबनान में शांति ईरान जितनी ही जरूरी है।

युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत में मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने गुरुवार को टेलीग्राम पर लिखा कि तेहरान समझौते के अनुसार, सभी संघर्ष क्षेत्रों में स्थायी युद्धविराम स्थापित करने के लिए अमेरिका को मजबूर करने का प्रयास कर रहा है। टेलीग्राम पोस्ट में उन्होंने बेरी से कहा कि ईरानी अपने लेबनानी भाइयों को कभी नहीं भूले हैं और उन्हें अपने बीच का मानते हैं।

12 लाख लेबनानी विस्थापित

टेलीग्राम पोस्ट में नबीह बेरी की ओर से लेबनान पर हुए हालिया इजरायली हमलों का विस्तृत विवरण दिया गया। उन्होंने ईरान संसद अध्यक्ष को बताया कि अब तक लड़ाई के कारण 12 लाख लेबनानी लोग विस्थापित हो चुके हैं। इजरायल सचमुच हमारे देश में अपराध कर रहा है और लेबनानी लोगों को विस्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

लेबनान की संसद के स्पीकर नबीह बेरी ने आगे कहा कि इजरायल के साथ कोई भी आधिकारिक संचार और परामर्श निश्चित रूप से लेबनानी लोगों के हित में नहीं है। लेबनान में युद्धविराम सुनिश्चित करने में ईरान के प्रयासों की वह सराहना करते हैं।

लेबनान को लेकर क्या है ईरान की मांग

अमेरिका से 7 अप्रैल से युद्धविराम लागू होने के बाद ईरान, लेबनान में इजरायली हमले रोकने की मांग कर रहा है। ईरान का कहना है कि लेबनान भी युद्धविराम का हिस्सा है, जबकि अमेरिका और इजरायल ने इसका खंडन किया है। उधर, अमेरिका-ईरान युद्धविराम के बावजूद इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले तेज किए हैं।

इजरायली सेना ने लेबनान में पुल उड़ाया

इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में एक अहम पुल को हवाई हमले में उड़ा दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली विमानों ने कासमियेह ब्रिज पर लगातार दो हमले किए, जिससे पुल पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस पुल के ध्वस्त होने के बाद टायर और सिडोन के बीच आवागमन प्रभावित होगा। यह पुल सप्लाई और मूवमेंट के लिहाज से रणनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण था।