
Iran on hormuz Strait: पश्चिम एशिया में अमेरिका से तनाव के बीच ईरान की संसद ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक नए बिल पर काम शुरू कर दिया है। इसकी जानकारी संसद की सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने मंगलवार को दी है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को लेकर हमले तेज हो गए हैं।
इस संबंध में इब्राहिम अजीजी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा, 'पिछली रात अमेरिकी ड्रोन गिराए जाने की घटना के साथ ही 'होर्मुज स्ट्रेट और फारस की खाड़ी की सुरक्षा एवं सतत प्रगति के लिए रणनीतिक कार्रवाई' विधेयक को औपचारिक रूप से ईरानी संसद में पेश किया गया।' उन्होंने आगे कहा, 'हम अपनी रेड लाइन की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, खासकर होर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन के मुद्दे पर। यह केवल पहला कदम है, इसके बाद और भी कदम उठाए जाएंगे।'
आपको बता दें कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच मतभेद फिर उभर आए हैं, जिससे दोनों देशों के बीच एक बार फिर जंग शुरू हो गई है। दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने से पिछले महीने हुए अंतरिम डील को लेकर सवाल खड़े हो गए, जिसका उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग को समाप्त करना था।
ईरान का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन का अधिकार उसके पास होना चाहिए। वह वहां से गुजरने वाले जहाजों से पारगमन शुल्क वसूलना चाहता है। अमेरिका ईरान के इस कदम का कड़ा विरोध करता है।
इसी के चलते सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट का नियंत्रण अपने हाथ में ले रहा है। इसके अलावा, ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी फिर से लागू कर रहा है। उन्होंने सिक्योरिटी देने की वजह से इस जलमार्ग से गुजरने वाले माल पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने का भी बात कहीं।
ओमान के समुद्री क्षेत्र के दक्षिण-पूर्व में गुजर रहे तेल टैंक पर मिसाइल हमले खबर है। ब्रिटेन की यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) की ओर से यह जानकारी दी गई है। इस घटना की जांच की जा रही है, फिलहाल इस हमले को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।