विदेश

Iran War: ‘सीजफायर खत्म’, ट्रंप के ऐलान के बाद ईरान पर बरसे अमेरिकी हमले

Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जहाजों पर हमलों का बदला लेने वाले बयान के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान पर नए हमले किए। CENTCOM ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री आवाजाही को सुरक्षित रखना और ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना है।
3 min read
Jul 09, 2026
Donald Trump
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Photo-IANS)

Iran War Update: अमेरिका (America) ने बुधवार (8 जुलाई, 2026) को ईरान (Iran) पर नए सैन्य हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इससे पहले कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में जहाजों पर ईरानी हमलों के जवाब में अमेरिका 'कड़ा प्रहार' करेगा। इसके बाद ईरान के खिलाफ अमेरिकी सेना ने नई कार्रवाई शुरू कर दी।

राष्ट्रपति ट्रंप बोले- ईरान के साथ युद्धविराम खत्म

नए हमलों के आदेश देने से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ अंतरिम युद्धविराम (सीजफायर, Ceasefire) अब खत्म हो चुका है। पाकिस्तान, कतर और संयुक्त राष्ट्र ने ट्रंप के इस बयान के बाद दोनों पक्षों से तनाव कम करने और हालात को शांत करने की अपील की है।

बुशेहर में धमाकों की खबर

ईरान के सरकारी मीडिया की माने तो, देश के तटीय शहर बुशेहर (Bushehr) में कई धमाकों की आवाज सुनी गई है। ईरान का एकमात्र असैन्य परमाणु ऊर्जा संयंत्र बुशेहर में स्थित है। खार्ग द्वीप के भी नजदीक यह शहर है, जहां से ईरान के लगभग 90 फीसदी कच्चे तेल का निर्यात होता है।

ट्रुथ सोशल पर ट्रंप की चेतावनी

डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर पोस्ट करते हुए कहा, '' ईरान पर किए गए हमले जहाजों पर हुए हमलों का जवाब हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस तरह के हमले दोबारा हुए तो हालात "और भी बदतर" होंगे।

अमेरिकी अधिकारी का दावा- मंगलवार से ज्यादा होंगे हमले

वहीं, एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम ना जाहिर करने की शर्त पर रॉयटर्स को बताया कि बुधवार को ईरान के खिलाफ किए जा रहे अमेरिकी हमले मंगलवार की तुलना में अधिक संख्या में होंगे।

अमेरिकी सेना ने बताया कार्रवाई का उद्देश्य

अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बुधवार को घोषणा की कि उसने ईरान के खिलाफ नए हमले शुरू कर दिए हैं। कमांड के मुताबिक, इन हमलों का उद्देश्य होर्मुज (Hormuz) जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात को सुरक्षित रखना और ईरान की उस क्षमता को कमजोर करना है, जिससे वह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर जहाजों की आवाजाही को खतरे में डाल सकता है।

CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा, '' राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी बलों ने अतिरिक्त हमले शुरू किए हैं। अमेरिका ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक चालक दल पर हालिया हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार मानता है।

दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह का सदस्य गिरफ्तार

इजरायली सेना ने कहा कि उसके सैनिकों ने दक्षिणी लेबनान में मुठभेड़ के दौरान हिजबुल्लाह (Hezbollah) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। सेना के अनुसार, यह कार्रवाई मंगलवार (7 जुलाई, 2026) को बिंत जुबैल (Bint Jbeil) इलाके में हुई, जहां इजरायली सैनिकों और हिजबुल्लाह लड़ाकों के बीच झड़प हुई थी।

इजरायली सेना (Israeli Army) ने अपने बयान में कहा, ''गिरफ्तार व्यक्ति हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स का सदस्य है और युद्ध के दौरान इजरायली सैनिकों तथा नागरिकों पर हमलों के लिए जिम्मेदार रहा है। पूछताछ के लिए उसे इजरायल लाया गया है।

ट्रंप बोले- हालात जल्द सामान्य होंगे

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान के साथ रातभर चला सैन्य तनाव बहुत जल्द खत्म हो जाएगा। हालांकि इससे पहले उन्होंने कहा था कि युद्धविराम समाप्त हो चुका है। तुर्किये की राजधानी अंकारा (Ankara) में 2 दिवसीय नाटो शिखर सम्मेलन के समापन पर ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि जो भी होगा, वह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा और इससे हालात पहले से ज्यादा सुरक्षित होंगे, खासकर तेल आपूर्ति के लिहाज से। जो भी होगा, वह बहुत तेजी से होगा। हम लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष की तलाश में नहीं हैं।"