
अमेरिका ने फिर किए ईरान पर हमले (File Photo)
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच एक-दूसरे पर हमले करने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। पिछली रात ईरान पर हमलों के बाद अब अमेरिकी सेना ने एक बार फिर ईरान पर हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी सेना की CENTCOM यूनिट ने जानकारी दी कि अपने कमांडर इन चीफ के निर्देश पर उन्होंने ने ईरान पर हमले शुरू कर दिए हैं। CENTCOM यूनिट के अनुसार होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में नौवहन की स्वतंत्रता को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को और कमजोर करने के लिए ये हमले किए जा रहे हैं। अमेरिका इस अहम अंतर्राष्ट्रीय जलमार्ग में हाल ही में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक दल के खिलाफ ईरान के हमलों के जवाब में यह कार्रवाई कर रहा है।
ईरानी मीडिया के अनुसार अमेरिकी हमले के बाद ईरान के प्रमुख पोर्ट शहरों बंदर अब्बास और सिरिक में धमाके हुए हैं। इन हमलों के बाद ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम्स एक्टिव हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बंदर अब्बास में 8 धमाके हो चुके हैं। बुशहर में भी अमेरिकी हमले की रिपोर्ट सामने आ रही है, जिसके बाद धमाके सुने गए हैं। ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार अबू मूसा आइलैंड पर भी धमाके सुने गए हैं। साथ ही सिरिक के तहरूयी गांव के पास भी तीन और धमाकों की रिपोर्ट सामने आ रही है।
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी हमले के बाद चबहार शहर में कई जगह बिजली गुल हो गई है। शहर में भी अमेरिकी हमले के बाद धमाके हुए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) इस समय नाटो समिट (NATO Summit) में हिस्सा लेने के लिए तुर्की (Turkey) की राजधानी अंकारा (Ankara) में हैं। उन्होंने पिछली रात ईरान पर हमले के बाद चेतावनी दी थी कि आज उनकी सेना फिर से ईरान पर हमले करेगी। ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही। ट्रंप ने ईरान के साथ हुए शांति समझौते पर भी बात करते हुए कहा कि इसका अंत हो गया है। ईरान के साथ किसी भी तरह की डील करने को अमेरिकी राष्ट्रपति ने समय की बर्बादी बताया। हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ पहले की तरह युद्ध नहीं होगा।
Updated on:
09 Jul 2026 02:33 am
Published on:
09 Jul 2026 02:07 am
