विदेश

बार-बार सीजफायर तोड़ रहा हिजबुल्लाह, ईरान भी दे रहा साथ, इजरायल ने नए दावे के साथ लेबनान में 80 जगहों पर बोला हमला

सीजफायर के बीच Israel ने Lebanon में Hezbollah के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। IDF ने 80 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया, दर्जनों आतंकियों के मारे जाने का दावा किया।
2 min read
Jun 19, 2026
IDF Hezbollah attack
इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक (Photo-X)

Israel Hezbollah Conflict: मध्य-पूर्व में एक बार फिर हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच जारी तनाव के बीच इजरायली सेना (IDF) ने लेबनान में बड़ी सैन्य कार्रवाई की है। IDF ने दावा किया है कि हिजबुल्लाह की ओर से सीजफायर उल्लंघन के बाद लेबनान में 80 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें कई आतंकी ठिकाने और कमांड सेंटर शामिल हैं।

हिजबुल्लाह पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप

इजरायली सेना का दावा है कि हिजबुल्लाह बार-बार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा था, जिसके बाद IDF ने दक्षिणी लेबनान और नबातिया इलाके में बड़ी कार्रवाई की। IDF ने कहा कि ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के 80 से ज्यादा ठिकानों, कमांड सेंटरों, रॉकेट लॉन्च करने वाली जगहों और अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। इजरायली सेना के मुताबिक, इस कार्रवाई में हिजबुल्लाह के कई लड़ाके मारे गए हैं। सेना ने यह भी दावा किया कि यह हमला हिजबुल्लाह की ओर से किए गए हमलों के जवाब में किया गया।

ड्रोन हमले में इजरायली सैनिकों की मौत

यह कार्रवाई उस घटना के बाद तेज हुई जिसमें इजरायल के चार सैनिकों की मौत हुई थी। इजरायल का आरोप है कि हिजबुल्लाह के संदिग्ध ड्रोन हमले में दक्षिणी लेबनान में उसके सैनिकों को निशाना बनाया गया। मारे गए सैनिकों में लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गेडालिया बेन सिम्होन भी शामिल थे। वह 401वीं आर्मर्ड ब्रिगेड की 52वीं बटालियन के कमांडर थे और उनकी उम्र 32 साल थी।

इसके अलावा एक अन्य हमले में पांच इजरायली सैनिक घायल हुए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई। IDF के अनुसार, हिजबुल्लाह की ओर से भेजे गए विस्फोटक ड्रोन ने कफर तिबनित इलाके में कमांडो ब्रिगेड को निशाना बनाया था।

बेका घाटी में भी हिजबुल्लाह ठिकानों पर हमला

इजरायली सेना ने बताया कि उसने बेका घाटी में हिजबुल्लाह के दो कमांड सेंटरों पर भी हमला किया। हमले के समय इन जगहों पर हिजबुल्लाह के लड़ाके मौजूद थे। सेना ने यह भी कहा कि कुछ हिजबुल्लाह लड़ाकों ने दक्षिणी लेबनान में मौजूद इजरायली सैनिकों पर रॉकेट दागे थे। इसके बाद सेना ने रॉकेट लॉन्च करने वाली जगह की पहचान कर कार्रवाई की। जिसमें दो आतंकियों को निशाना बनाया और लॉन्चर रॉकेट भी नष्ट कर दिया गया।

इजरायली मंत्री का सख्त बयान

हमलों के बाद इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्विर ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूरा लेबनान जलना चाहिए। बेन ग्विर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'एक इजराइली मां के हर आंसू के लिए, हजार लेबनानी मांओं को रोना चाहिए। पूरा लेबनान जलना चाहिए! अमेरिकियों के प्रति पूरे सम्मान के साथ, इजराइल को पूरी दुनिया को यह साफ कर देना चाहिए कि हमारे बेटों का खून और हमारे नागरिकों की सुरक्षा जब्त नहीं हुई है।'

Updated on:
19 Jun 2026 04:43 pm
Published on:
19 Jun 2026 04:17 pm