विदेश

‘भारत भी हमारे साथ है’, अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट जे डी वेंस के बयान पर इजरायल पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने दिया जवाब

Israel-US Relations: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट जे डी वेंस के बयान का जवाब देते हुए भारत को अपना मजबूत दोस्त बताया। जानिए उन्होंने भारत के समर्थन में क्या कहा।
2 min read
Jul 06, 2026
PM Narendra Modi with Benjamin Netanyahu
भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी और इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ( File Photo Patrika )

India Supports Israel: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस के बयान का जवाब दिया है। जिसमें उन्होंने अमेरिका को इजरायल का एकमात्र ताकतवर सहयोगी बताया था। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल के कई दोस्त हैं और भारत उनमें सबसे अहम देशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत के 140 करोड़ लोगों से उन्हें जबरदस्त समर्थन मिलता है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि दुनिया के कई देश खुलकर भले ही साथ न दिखें, लेकिन पर्दे के पीछे इजरायल के साथ सहयोग कर रहे हैं।

भारत भी इजरायल का मजबूत दोस्त

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका इजरायल का सहयोगी है। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी तारीफ की और उन्हें व्हाइट हाउस में इजरायल का सबसे अच्छा दोस्त बताया।

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इजरायल सिर्फ अमेरिका पर निर्भर नहीं है। उनके मुताबिक, दुनिया के कई देशों के साथ इजरायल के अच्छे रिश्ते हैं। उन्होंने खास तौर पर भारत का नाम लेते हुए कहा कि वहां से उन्हें काफी समर्थन मिलता है। भारत के लोग उनके देश से ज्यादा प्रेम करते हैं। हमें मानते हैं।

नेतन्याहू ने भारत को लेकर आगे कहा, "भारत जैसा बड़ा देश हमारे साथ है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भारतीयों की ओर से उन्हें लगातार पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों का समर्थन उन्हें बेहद उत्साहित करता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और इजरायल के रिश्तों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।

आखिर जे.डी. वेंस ने क्या कहा था?

बता दें पिछले महीने व्हाइट हाउस में हुई प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जे.डी. वेंस से अमेरिका-ईरान वार्ता और इजरायल की नाराजगी को लेकर सवाल पूछा गया था।

इस पर वेंस ने कहा था कि अगर वह इजरायली कैबिनेट में होते तो अपने एकमात्र ताकतवर सहयोगी अमेरिका की सार्वजनिक आलोचना नहीं करते। उनका इशारा उन खबरों की ओर था, जिनमें कहा गया था कि इजरायल के कुछ नेता ईरान को लेकर ट्रंप प्रशासन की नीति से खुश नहीं हैं।

नेतन्याहू ने इस दावे से असहमति जताई। उन्होंने कहा कि इजरायल के दुनिया भर में कई दोस्त हैं। कई देशों के नेता निजी तौर पर उनसे संपर्क करते हैं। वे सुरक्षा, रक्षा, साइबर टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में इजरायल के साथ काम करना चाहते हैं। नेतन्याहू ने दावा किया कि कई बार कुछ देशों की सरकारें सार्वजनिक तौर पर अलग रुख अपनाती हैं, लेकिन निजी बातचीत में इजरायल के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताती हैं।

उन्होंने कहा कि कई विदेशी नेता उन्हें फोन कर रक्षा तकनीक, सैन्य अनुभव, साइबर सुरक्षा और एआई के क्षेत्र में सहयोग की बात करते हैं। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायल साइबर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। यही वजह है कि कई देश उसके साथ रिश्ते मजबूत करना चाहते हैं।

उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय राजनीति में जो तस्वीर दिखाई देती है, वास्तविक स्थिति उससे काफी अलग होती है। इजरायल के दुनिया भर में कई भरोसेमंद साझेदार और दोस्त मौजूद हैं, जिनमें भारत का नाम भी प्रमुख है।

Updated on:
06 Jul 2026 03:58 pm
Published on:
06 Jul 2026 03:54 pm