
Trump Assassination Threat: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय साजिशों के निशाने पर हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की एक खोजी रिपोर्ट ने वैश्विक कूटनीति और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को बेहद पुख्ता और संवेदनशील खुफिया जानकारी सौंपी है, जिसमें दावा किया गया है कि ईरान उनकी हत्या की एक बड़ी साजिश रच रहा है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस संबंध में मोसाद ने सीआईए के साथ जानकारी शेयर की है। इजरालय ने अमेरिका को चेताया है कि ईरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने की विशेष योजना पर काम कर रहा है, लेकिन अभी तक अमेरिका सुरक्षा एजेंसी ने इस इनपुट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को ईरान से धमकी मिली हो, इससे भी कई बार धमकियां मिल चुकी है। इसकी वजह 2020 में ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की अमेरिकी ड्रोन हमले में हुई मौत को माना जाता है। ईरान कई बार सार्वजनिक रूप से इस कार्रवाई का बदला लेने की बात कह चुका है।
रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में अली खामेनेई और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के अंतिम संस्कार के दौरान भी कुछ शोक जुलूसों में ट्रंप के खिलाफ नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने We Will Kill Trump (हम ट्रंप को मार देंगे) लिखा बैनर भी लहराया।
वहीं इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। पीएम ने आगे कहा कि देश विदेशी खरीद पर निर्भरता कम करने के लिए अपने यहां हथियारों का उत्पादन बढ़ाएगा। उन्होंने आगे कहा कि हमारी नीति साफ है। समझौता हो या न हो, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे।
बता दें कि हाल के दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के रिश्तों के बीच नरमी आई है। इससे पहले ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर दोनों नेताओं के बीच मतभेद सामने आए थे। नेतन्याहू जहां युद्ध जारी रखने के पक्ष में थे, वहीं ट्रंप संघर्ष को समाप्त कर वैश्विक आर्थिक अस्थिरता से बचना चाहते थे।