
Israeli Airstrike Lebanon: मिडिल ईस्ट में जारी भारी तनाव के बीच दक्षिणी लेबनान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में एक एसयूवी कार को निशाना बनाकर भीषण हवाई हमला किया है। इस अचानक हुए हमले में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
दक्षिणी लेबनान में हुआ यह ताजा हमला ऐसे समय में आया है जब दोनों पक्षों के बीच हाल ही में हुए सीजफायर के बाद एक नाजुक शांति बनाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इस समझौते के लागू होने के बाद से ही सीमाई इलाकों में लगातार तनाव देखा जा रहा है। इससे पहले भी दक्षिणी लेबनान के नबातीह अल-फौका में सड़क साफ करने के काम में जुटे दो लोगों की इजरायली गोलीबारी में मौत हो गई थी जिसे हिजबुल्लाह ने सीजफायर का खुला उल्लंघन बताया था।
इस बीच, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार रात को ही यह साफ कर दिया था कि इजरायली सेना को किसी भी खतरे के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी आजादी है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि जब तक जरूरी होगा, इजरायली सैनिक लेबनान में मौजूद रहेंगे। उनके इसी कड़े रुख के बीच लगातार सैन्य गतिविधियां और उल्लंघन के मामले सामने आ रहे हैं।
यह ताजा हवाई हमला ऐसे समय में हुआ है जहां दोनों पक्ष कूटनीति के जरिए स्थायी शांति के प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में मंगलवार को लेबनानी और इजरायली अधिकारियों ने वाशिंगटन में एक व्यापक सुरक्षा समझौते को लेकर अहम बातचीत शुरू की थी।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस पूरे संघर्ष के दौरान अब तक कम से कम 4,192 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और 12 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।
वहीं, इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, सीमा के दोनों ओर लड़ाई में उनके 36 सैनिक और 4 नागरिक मारे गए हैं। दक्षिणी लेबनान के इलाकों में जब विस्थापित परिवार धीरे-धीरे अपने घरों को लौट रहे हैं और मलबे को साफ करने का काम चल रहा है।