अद्राई ने एक्स पर कहा कि हिज्बुल्लाह की किसी भी सैन्य गतिविधि के खिलाफ इजराइल अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लेबनान चिकित्सा सुविधाओं और एम्बुलेंस का भी सैन्य उपयोग करता है, इसलिए इजराइल उन पर भी हमला करेगा।
लेबनान के खिलाफ इजराइल का गुस्सा और भड़क गया है। इजराइल की नई घोषणा से यह संकेत मिलते हैं कि वह अब आर-पार के मूड में है। इजराइल ने साफ कहा है कि वह अब लेबनान में एम्बुलेंस को भी अपना निशाना बनाएगा।
इजराइली सेना के प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने हिज्बुल्लाह पर एम्बुलेंस का बड़े पैमाने पर सैन्य इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
अद्राई ने एक्स पोस्ट में कहा- हिज्बुल्लाह द्वारा की जाने वाली किसी भी सैन्य गतिविधि के खिलाफ इजराइल अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार कार्रवाई करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि लेबनान सैन्य गतिविधि के लिए चिकित्सा सुविधाओं और एम्बुलेंस का भी इस्तेमाल करता है। इसलिए इजराइल उन पर भी कार्रवाई करेगा। हालांकि, इजराइली सेना ने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के अल शाहबिया और जबल अल बतम कस्बों पर दो हमले किए हैं। उधर, इजराइल हमलों पर हिज्बुल्लाह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
हिज्बुल्लाह ने बताया है कि उसके लड़ाके इजराइल के किरयात शमोना, मेटुला और मिसगाव अम बस्तियों को रॉकेटों से निशाना बना रहे हैं।
शुक्रवार की सुबह समूह के टेलीग्राम चैनल पर जारी एक बयान में हिज्बुल्लाह ने कहा कि ये हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक देश और लोगों के खिलाफ इजराइली-अमेरिकी आक्रामकता बंद नहीं हो जाती।
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के हवाले से अलजजीरा ने बताया है कि दक्षिण में हनावाया शहर पर हुए इजरायली हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
न्यूज एजेंसी ने यह भी बताया कि इजराइली सेना ने ऐता अल-शाब शहर में रिहायशी इलाकों को उड़ा दिया। इसके अलावा, टायर जिले के तीन इलाकों पर इजराइली तोपखाने से गोलाबारी की गई।
इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच हमले जारी हैं। इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में कई हवाई हमले किए और तोपख़ाने से गोले भी बरसाए। हिज्बुल्लाह भी सीमा पार से रॉकेट दाग रहा है और लेबनानी क्षेत्र के अंदर मौजूद इजराइली सैनिकों को निशाना बना रहा है।