विदेश

‘यूक्रेन को हथियार दे रहा अमेरिका, हमें पता है, और हमले से युद्ध लंबा चलेगा’, डोनाल्ड ट्रंप को पुतिन ने भेजा संदेश

Russia-Ukraine War: क्रेमलिन ने डोनाल्ड ट्रंप को सख्त जवाब दिया है। रूस की तरफ से साफ कहा गया है कि अमेरिका की उम्मीद गलत है, यूक्रेन के हमलों से युद्ध और लंबा खिंचेगा।
2 min read
Jul 09, 2026
Donald Trump and Vladimir Putin
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन। (फोटो- ANI)

Russia Warn America: रूस ने अमेरिका की उस उम्मीद को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें दावा किया गया था कि यूक्रेन के रूसी इलाकों में जोरदार हमला करने से युद्ध खत्म करने में मदद मिलेगी।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कार्यालय 'क्रेमलिन' की ओर से साफ चेतावनी दी गई है कि इस तरह के हमले से युद्ध और लंबा खिंच सकता है और रूस को अपना सुरक्षा बफर जोन बढ़ाना पड़ेगा।

'व्हाइट हाउस में कुछ गलतफहमियां हैं'

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि व्हाइट हाउस में कुछ गलतफहमियां हैं। वे सोच रहे हैं कि सैन्य दबाव बढ़ाने से शांति की राह आसान हो जाएगी। लेकिन यह सोच पूरी तरह गलत है। रूस इसे अपनी खास सैन्य कार्रवाई कहता है और अगर यूक्रेन हमले बढ़ाता रहा तो यह कार्रवाई लंबी खिंच सकती है।

क्या है पुतिन का मूड?

क्रेमलिन के करीबी तीन सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अभी शांति वार्ता के किसी प्रस्ताव को मानने के मूड में नहीं हैं।

हाल में यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रूसी तेल रिफाइनरी और बंदरगाहों को नुकसान हुआ है, लेकिन इससे पुतिन और मजबूत होकर लड़ाई जारी रखने के पक्ष में आ गए हैं।

एक सूत्र, हमेशा पुतिन के साथ रहते हैं, उन्होंने कहा कि अगले कुछ महीनों में रूस की तरफ से एस्केलेशन की काफी संभावना है। यानी रूस अब और तेजी से जवाब दे सकता है।

ट्रंप और रुबियो की बात पर क्या बोला क्रेमलिन?

नाटो समिट में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि रूस अब अपने आसमान की रक्षा करने में पहले जितना सक्षम नहीं रहा। इससे शायद बातचीत का रास्ता खुले।

वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इसे 'एस्केलेशन' बताया और कहा कि इससे युद्ध खत्म हो सकता है। पेसकोव ने इन बयानों पर सीधा जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि अमेरिका गलत सोच रहा है। ऐसे कदम शांति की बजाय तनाव बढ़ाएंगे और रूस को अपना सुरक्षा क्षेत्र और बड़ा करना पड़ेगा।

अमेरिकी हथियारों पर रूस का नजरिया

ट्रंप के यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम लाइसेंस के तहत बनाने की अनुमति देने पर पेसकोव ने कहा कि मॉस्को इस बारे में कोई भ्रम नहीं रखता। रूस जानता है कि अमेरिका हथियार दे रहा है।

पेसकोव ने कहा- यूरोप के मुकाबले अमेरिका में शांति की इच्छा नजर आती है। वे कभी-कभी गलती कर सकते हैं, लेकिन यह इच्छा सच्ची लगती है।

मिडिल ईस्ट के बाद फिर अमेरिकी मध्यस्थता की उम्मीद

ट्रंप की कोशिशें पिछले कुछ महीनों में रुकी हुई हैं क्योंकि अमेरिका का ध्यान ईरान युद्ध पर रहा। पेसकोव ने कहा कि मध्य पूर्व का संकट सुलझने के बाद अमेरिका फिर से यूक्रेन शांति वार्ता में सक्रिय हो सकता है और क्रेमलिन इसमें मदद की उम्मीद रखता है।

Updated on:
09 Jul 2026 05:51 pm
Published on:
09 Jul 2026 05:51 pm