विदेश

हॉर्मुज में नहीं रुक रहा हमला, ओमान तट पर एक और टैंकर के पास धमाका, UKMTO ने जारी किया अलर्ट

Strait Of Hormuz News: ओमान तट पर टैंकर के पास धमाका हुआ है। हालांकि, जहाज पर सवार सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। इस हमले के बाद हॉर्मुज में तनाव काफी बढ़ गया है।
2 min read
Aug 03, 2026
25 ships have passed through Strait of Hormuz
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज। (फाइल फोटो- ANI)

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में टैंकर और जहाजों को निशाना बनाने का सिलसिला खत्म नहीं हो रहा है। ओमान तट से महज 20 समुद्री मील दूर एक टैंकर के पास रविवार को जोरदार धमाका हुआ।

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने इस घटना की पुष्टि की है। हालांकि, जहाज पर सवार सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और जहाज को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा। मैरीटाइम अथॉरिटीज ने इस मामले को लेकर तुरंत जांच शुरू कर दी है।

सभी जहाजों के लिए अलर्ट

यूकेएमटीओ ने क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को सतर्क रहने और कोई संदिग्ध गतिविधि देखते ही तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी है। बता दें कि रविवार को ओमान तट के पास एक और जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया था।

इस हमले के बाद जहाज बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर अनियंत्रित हो गया था। ताजा धमाका ऐसे समय हुआ है जब ईरान और ओमान के बीच सामरिक हॉर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है।

हॉर्मुज को लेकर ईरान ने क्या कहा?

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कैबिनेट को बताया कि दोनों देशों के बीच चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि दोनों पक्षों के हितों का सम्मान करते हुए एक नया रूट तय किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह रूट न तो पूरी तरह ईरानी तट के पास है और न ही ओमान के पास है। यह दोनों के अधिकार क्षेत्र में है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि यह समझौता स्ट्रेट को पूरी तरह दोबारा खोलने का मतलब नहीं है।

पिछले महीने ईरान ने शिपिंग को अपने तट के करीब सीमित कर दिया था, जिसके बाद इलाके में सैन्य कार्रवाई हुई। मैरीटाइम इंटेलिजेंस कंपनी केप्लर के मुताबिक, हॉर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की संख्या काफी कम हो गई है।

ट्रंप ने हमले रोके

उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर प्रस्तावित हमले को टाल दिया है। उन्होंने कहा कि डील के पैरामीटर्स पर सहमति बन गई है।

ट्रंप ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि ईरान के साथ अप्रत्यक्ष बातचीत सोमवार दोपहर से शुरू होगी। ट्रंप ने कहा- हम बातचीत करना चाहते हैं। इससे कई जिंदगियां बचेंगी। हम हमला करने को तैयार हैं लेकिन डील बेहतर विकल्प है।

Updated on:
03 Aug 2026 07:50 am
Published on:
03 Aug 2026 07:50 am