
Oregon School Shooting: अमेरिका के ओरेगन में एक प्राथमिक स्कूल में गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में तीन बच्चों और एक वयस्क समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिसमें हमलावर भी मारा गया। घटना के बाद स्कूल को लॉकडाउन कर दिया गया और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
बेंड पुलिस विभाग की प्रवक्ता शीला मिलर के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली थी। अलर्ट मिलते ही पुलिस की टीमें सिर्फ दो मिनट के अंदर ही घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर जख्मी हालत में मिला, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह अभी साफ नहीं है कि हमलावर पुलिस की गोली से मारा गया या फिर मौके पर मौजूद किसी हथियारबंद नागरिक (बाईस्टैंडर) ने उसे गोली मारी। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही है।
घटना के तुरंत बाद किंडरगार्टन से 5वीं कक्षा तक के इस स्कूल को पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया। स्कूल में करीब 450 छात्र और 40 कर्मचारी मौजूद थे। घटना के दौरान बच्चों और शिक्षकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति पर काबू पाने के बाद पुलिस ने सभी बच्चों को बसों के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां उनके डरे-सहमे माता-पिता अपने बच्चों से मिल सकें।
बेंड-ला पाइन स्कूल डिस्ट्रिक्ट के सुपरिंटेंडेंट स्टीवन कुक ने इस घटना को एक 'संवेदनहीन त्रासदी' करार दिया। उन्होंने कहा कि हम इस घटना से पूरी तरह स्तब्ध हैं और हमारा दिल टूट गया है। हमारी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। पुलिस ने पुष्टि की है कि कम से कम दो गंभीर घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान उजागर नहीं की गई है।
पोर्टलैंड शहर से लगभग 270 किलोमीटर दूर स्थित बेंड शहर में हुई यह घटना अमेरिका में बढ़ते गन कल्चर की भयानक तस्वीर पेश करती है। आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में इस साल अब तक 360 से अधिक मास शूटिंग की घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिससे वहां के स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।