
होर्मुज स्ट्रेट (Photo - ANI)
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पिछले ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा किए गए तीन बड़े दावों को खारिज कर दिया है। अमेरिकी सेना ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का कोई नियंत्रण नहीं है, बल्कि यह महत्वपूर्ण जलमार्ग अमेरिका और उसके सहयोगियों के प्रभावी नियंत्रण में सुरक्षित है। इसके साथ ही अमेरिका ने जॉर्डन में सैकड़ों सैनिकों के मारे जाने और सिंगापुर के एक मालवाहक जहाज के समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के ईरानी दावों का भी खंडन किया।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका पूरा नियंत्रण है। इस दावे को अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने मनगढ़ंत बताकर खारिज कर दिया। CENTCOM के अनुसार, IRGC की हरकतों के बावजूद अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगी इस समुद्री गलियारे की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
अमेरिकी सेना ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में मुख्य शिपिंग मार्ग पूरी तरह से समुद्री बारूदी सुरंगों से मुक्त हैं, और पिछले 24 घंटों में 40 से अधिक व्यावसायिक जहाज सुरक्षित रूप से वहां से गुजरे हैं, जिससे वैश्विक व्यापार बिना किसी रुकावट के जारी है।
अमेरिकी सेना ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के उस दावे को बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि सिंगापुर के झंडे वाले कंटेनर जहाज MV GFS Pride से बुधवार को एक नेवल माइन टकरा गई थी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि असल में इस मालवाहक जहाज पर ईरानी सेना द्वारा दागा गया एक प्रोजेक्टाइल लगा था। हमले में क्षतिग्रस्त होने के बाद जहाज को किनारे की ओर ले जाते समय वह डूब गया।
सिंगापुर के मैरीटाइम एंड पोर्ट अथॉरिटी (MPA) ने पुष्टि की है कि जहाज पर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल लगा था। जहाज पर सवार सभी 21 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
CENTCOM जॉर्डन में सैकड़ों अमेरिकी सैनिक मारे जाने के ईरान के दावों को भी खारिज किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे ईरान द्वारा फैलाई जा रही गलत सूचना का एक उदाहरण बताया है। CENTCOM ने कहा कि जुलाई में सहयोगी बलों के साथ मिलकर ईरानी हमलों का मुकाबला करते समय केवल तीन अमेरिकी सैनिकों की जान गई थी। अमेरिकी सेना ने कहा कि ईरान अपने खुद के सैन्य नुकसान को छिपाने और मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने के लिए मनगढ़ंत आंकड़ों का सहारा ले रहा है।
Updated on:
16 Oct 2026 06:45 am
Published on:
16 Oct 2026 06:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
