
Mohsin Naqvi statement on System:पाकिस्तान में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। पहले आर्थिक संकट ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी है। अब आतंरिक स्थिति बिगड़ने से हालात और भी बुरे हो गए हैं। पाकिस्तान के चार में दो प्रांत (बलूचिस्तान, खैबर पख्तूख्वाह) में प्रशासन का कंट्रोल लगभग खत्म हो चुका है। बलूचिस्तान में जहां BLA पाक फौज पर आए दिन हमले कर रहा है, तो वहीं खैबर पख्तूनख्वाह में TTP कहर बरपा रहा है। सिंध में भी रह-रहकर विरोध का स्वर उठते रहते हैं। अब पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भी लोगों ने पाकिस्तानी सरकार और फौज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसके बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कबूल किया है कि देश का सिस्टम पूरी तरह से तबाह हो चुका है।
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि मौजूदा शासन व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। देश का सत्तर साल पुराना सिस्टम नाकाम साबित हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि आप चाहे मानें या न मानें, लेकिन पाकिस्तान जिस सिस्टम से चल रहा है वह ढह गया है। उन्होंने कहा कि अगर ये हाल रहा तो हम दस साल बाद भी उन्हीं मुद्दों पर बात करते रहेंगे।
गौरतलब बात यह है कि पीएम शहबाज शरीफ की सरकार में गृह मंत्री का ओहदा संभालने वाले मोहसिन नकवी जिस सिस्टम की बात कर रहे हैं। उसका मुख्य किरदार पाकिस्तान की फौज है। पाकिस्तान की फौज जिसे चाहती है, उसे सत्ता की कुर्सी पर बिठाती है। पाकिस्तान की सेना 30 सालों तक प्रत्यक्ष रूप से सत्ता पर काबिज रही है। वहीं, जब कोई सेनाध्यक्ष सत्ता पर सीधे काबिज नहीं रहता तो वह परोक्ष रूप से सरकार चला रहा होता है।
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर कश्मीर को जगलर वेन (गले की नस) बताते हैं। उसी कब्जे वाले कश्मीर में निर्दोष नागरिकों को मौत के घाट उतार रहे हैं। जून महीने से अब तक पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 100 से ज्यादा निर्दोष लोगों की जान पाकिस्तान फौज की गोलीबारी में हो चुकी है।
यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी ने बुधवार को रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि 27 और 28 जुलाई के बीच रावलाकोट, मीरपुर और अन्य क्षेत्रों में करीब 40 नागरिकों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हुए और मनमाने ढंग से गिरफ्तार किए गए। यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी ने कहा कि 5 जून से अबतक POJK (आजाद कश्मीर) में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सैकड़ों घायल हुए और सैकड़ों लोगों को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा कथित तौर पर जबरन लापता किया गया है।