विदेश

PM Modi New Zealand Visit: पीएम मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से पहले बड़ा ऐलान, कीवी पीएम ने 57% निर्यात टैरिफ फ्री का किया वादा

India New Zealand Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10-11 जुलाई के न्यूजीलैंड दौरे से पहले प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड ट्रेड डील को बड़ा आर्थिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि समझौते के लागू होते ही न्यूजीलैंड के भारत को होने वाले 57% निर्यात पर टैरिफ नहीं लगेगा। व्यापार, रक्षा और इंडो-पैसिफिक सहयोग पर भी अहम चर्चा होगी।
2 min read
Jul 09, 2026
PM Modi
न्यूजीलैंड पीएम क्रिस्टोफर लक्सन(फोटो-ANI)

India New Zealand Trade Deal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से ठीक पहले वहां के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को दोनों देशों के लिए बड़ा आर्थिक अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते के लागू होने के पहले दिन से ही न्यूजीलैंड के भारत को होने वाले 57 फीसदी निर्यात पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा, जिससे वहां के कारोबार को बड़ा लाभ मिलेगा।

क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर लिखा कि भारत के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील न्यूजीलैंड के कारोबार को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि भारत को होने वाले न्यूजीलैंड के 57 फीसदी निर्यात पर पहले ही दिन से शुल्क नहीं लगेगा, जिससे व्यापार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की उम्मीद है।

10-11 जुलाई को न्यूजीलैंड दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर हो रहा है। खास बात यह है कि करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली राजकीय यात्रा होगी।

व्यापार, रक्षा और निवेश पर होगी अहम चर्चा

ऑकलैंड में प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। दोनों नेता भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा करेंगे। सरकारी बयान के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य फोकस व्यापार, कॉमर्स, रक्षा और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना रहेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में विशेष रूप से व्यापार और रक्षा के क्षेत्र में शानदार गति आई है।

उद्योग जगत और भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे मोदी

प्रधानमंत्री मोदी अपने ऑकलैंड दौरे के दौरान प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

न्यूजीलैंड प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा का अंतिम पड़ाव है। यह दौरा 6 जुलाई को इंडोनेशिया से शुरू हुआ था और फिलहाल वह ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। भारत की इस कूटनीतिक पहल का उद्देश्य इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रमुख साझेदार देशों के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, टेक्नोलॉजी और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना है।

Updated on:
09 Jul 2026 04:41 pm
Published on:
09 Jul 2026 04:22 pm