विदेश

Peru Earthquake: पेरू में जोरदार भूकंप, 5 लोगों की मौत और 20 घायल, 300 लोग बेघर

पेरू के आंदेस में 5.5 तीव्रता वाला भूकंप आया, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 300 लोग बेघर हो गए हैं।
2 min read
Jul 19, 2026
Earthquake
पेरू में भूकंप। (फाइल फोटो- पत्रिका)

पेरू में जोरदार भूकंप से तबाही मच गई है। 5.5 तीव्रता वाला भूकंप इतना खतरनाक साबित हुआ कि इसमें 5 लोगों की जान चली गई। कई परिवार रातोंरात बेघर हो गए। बचाव कार्य जारी है, लेकिन अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप शनिवार शाम 9:24 बजे स्थानीय समय के अनुसार आया।

इसका केंद्र हुआंकार्यो प्रांत के सिकाया शहर से महज 2 किलोमीटर दूर था। वहीं, गहराई सिर्फ 10 किलोमीटर थी, जिसकी वजह से झटके ज्यादा तेज महसूस हुए।

पेरू में कहां आया भूकंप?

यह भूकंप पेरू के आंदेस पर्वतीय क्षेत्र में आया है। जो पहले से ही भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है, लेकिन इस बार का झटका आम लोगों के लिए बहुत भारी पड़ गया।

पेरू के नेशनल सिविल डिफेंस इंस्टीट्यूट ने बताया कि अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। करीब 300 लोग बेघर हो गए हैं। कई घरों की दीवारें गिर गईं, छतें ढह गईं।

देर रात आया था भूकंप

यह भूकंप रात को आया, तब लोग घरों में सो रहे थे, जिससे बच निकलना मुश्किल हो गया। स्थानीय अधिकारी लगातार बचाव और राहत कार्य में जुटे हैं। टीमों को इलाके में भेजा गया है जो घायलों को अस्पताल पहुंचा रही हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट कर रही हैं।

लापता लोगों की तलाश में जुटी टीम

अब लापता लोगों की तलाश भी चल रही है, लेकिन अभी सही संख्या पता नहीं चल पाई है। सिकाया और आसपास के गांवों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। कई परिवार अभी भी खुले आसमान के नीचे रात बिता रहे हैं। ठंडे मौसम और पहाड़ी इलाके की वजह से उनकी परेशानी बढ़ गई है।

इस बार आया जोरदार भूकंप

सरकार ने तुरंत मदद के लिए कदम उठाए हैं। खाने-पीने का सामान, कंबल और दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं। बता दें कि आंदेस क्षेत्र में छोटे-बड़े भूकंप आम हैं, लेकिन इस बार की गहराई कम होने से नुकसान ज्यादा हुआ।

Updated on:
19 Jul 2026 09:13 pm
Published on:
19 Jul 2026 09:13 pm