विदेश

Taylor Swift की शादी का कचरा खरीदने टूट पड़े फैंस, एक शख्स ने कमाए 1.2 लाख रुपये, 24 घंटे में बिके 50 पीस

Wedding Trash: टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्से की शादी के बाहर का कचरा एक कलाकार ने छोटे क्यूब में पैक कर बेचा। 24 घंटे में सभी 50 क्यूब बिक गए और करीब 1.2 लाख रुपये की कमाई हुई।
2 min read
Jul 13, 2026
Taylor Swift
शादी का कचरा खरीदने टूट पड़े फैंस (X Photo)

Taylor Swift Wedding: अमेरिकी पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट (Taylor Swift) और नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) खिलाड़ी ट्रैविस केल्से की शादी के बाद एक अनोखा मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क के एक कलाकार ने वेडिंग वेन्यू के बाहर पड़ा कचरा इकट्ठा कर छोटे-छोटे क्यूब में पैक कर बेच दिया। हैरानी की बात यह रही कि सभी क्यूब 24 घंटे में बिक गए और कलाकार ने करीब 1.2 लाख रुपये की कमाई कर ली। इस मामले पर महाराष्ट्र की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी हैरानी जताते हुए इसे बेवकूफी बताया।

शादी के अगले दिन इकट्ठा किया कचरा

न्यूयॉर्क के कलाकार जस्टिन गिग्नाक ने 4 जुलाई को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर से यह सामान इकट्ठा किया। इससे एक दिन पहले टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्से की शादी हुई थी। शादी में कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। वहीं हजारों लोग आयोजन स्थल के बाहर सिर्फ एक झलक पाने के लिए घंटों तक मौजूद रहे। भीड़ खत्म होने के बाद बाहर काफी मात्रा में कचरा पड़ा था, जिसे जस्टिन ने अपने प्रोजेक्ट के लिए इकट्ठा किया।

सिगरेट के टुकड़ों से लेकर बोतलों के ढक्कन शामिल

जस्टिन गिग्नाक ने बोतलों के ढक्कन, सिगरेट के बचे हुए टुकड़े, पुलिस की चेतावनी वाली टेप, प्लास्टिक के बर्तन, स्ट्रॉ, एक बायां एयरपॉड, रिंग पॉप कैंडी के रैपर और भीड़ की ओर से छोड़ी गई कई दूसरी चीजें उठाईं। इसके बाद उन्होंने इन सभी सामान को छोटे पारदर्शी प्लास्टिक क्यूब में सील कर दिया। हर क्यूब पर स्कल्पचर का लेबल लगाया गया। इन्हें इस तरह पैक किया गया कि न बदबू आए और न ही कोई रिसाव हो। हर क्यूब की कीमत 25 डॉलर यानी करीब 2,400 रुपये रखी गई। कुल 50 क्यूब बेचे गए और इससे करीब 1.2 लाख रुपये की कमाई की।

शादी के अंदर से नहीं उठाई कोई चीज

जस्टिन गिग्नाक ने बताया कि उन्होंने सारा सामान सुरक्षा घेरों के बाहर सार्वजनिक जगह से इकट्ठा किया था। शादी समारोह के अंदर से कोई भी चीज नहीं ली गई। एएफपी से बातचीत में उन्होंने कहाकि बहुत सारे टेलर स्विफ्ट के फैंस इस शादी से जुड़ी कोई छोटी-सी याद अपने पास रखना चाहते हैं। मैं न्यूयॉर्क शहर के खास पलों को सहेजने की कोशिश करता हूं। यह भी ऐसा ही एक बड़ा मौका था, इसलिए मैंने उस पल की एक छोटी-सी याद संजोने की कोशिश की।

Updated on:
13 Jul 2026 07:29 pm
Published on:
13 Jul 2026 07:29 pm