
David Lammy Resignation: ब्रिटेन में सत्ता परिवर्तन के बाद कैबिनेट में बड़ा फेरबदल शुरू हो गया है। पूर्व पीएम कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री बने एंडी बर्नहम ने अपनी नई टीम का गठन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उप-प्रधानमंत्री डेविड लैमी ने सोमवार को सरकार से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि नए प्रधानमंत्री को अपनी पसंद की टीम बनाने का पूरा अधिकार है और वह अब सांसद के रूप में लेबर सरकार का समर्थन जारी रखेंगे।
डेविड लैमी ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि टोटेनहैम जैसे साधारण परिवेश से निकलकर सरकार में सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। उन्होंने कीर स्टार्मर सरकार में विदेश सचिव, न्याय सचिव और ब्रिटेन के पहले अश्वेत उप-प्रधानमंत्री के रूप में काम करने को अपने सार्वजनिक जीवन की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष और सरकार, दोनों भूमिकाओं में उन्होंने जो काम किया, उस पर उन्हें गर्व है।
लैमी ने कहा कि विदेश सचिव और उप-प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने ब्रेक्सिट के बाद यूरोपीय सहयोगियों के साथ ब्रिटेन के रिश्तों को मजबूत करने में भूमिका निभाई। उन्होंने यूक्रेन के समर्थन, वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ नई साझेदारी, फिलिस्तीन को राज्य के रूप में मान्यता देने की प्रक्रिया और अमेरिका, खाड़ी देशों तथा भारत के साथ संबंध मजबूत करने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य व्यापार, आर्थिक विकास और ब्रिटेन की सुरक्षा को मजबूत करना था।
डेविड लैमी ने अपने बयान में न्याय सचिव के तौर पर किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अदालतों में रिकॉर्ड निवेश कर लंबित मामलों को कम करने की कोशिश की गई, जेल व्यवस्था को मजबूत किया गया, प्रोबेशन सेवा और पीड़ितों के लिए निवेश बढ़ाया गया तथा हिल्सबरो कानून को लागू कराने में योगदान दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका में विविधता बढ़ाने के लिए नई पहल की गई और न्याय मंत्रालय में AI के उपयोग को बढ़ावा दिया गया।
लैमी ने कहा कि वह कैबिनेट में काम जारी रखना चाहते थे, लेकिन नए प्रधानमंत्री को अपनी टीम चुनने का पूरा अधिकार है। उन्होंने एंडी बर्नहम और उनकी नई कैबिनेट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह अब बैकबेंच सांसद के रूप में टोटेनहैम के लोगों की सेवा करेंगे और लेबर सरकार का समर्थन जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगले आम चुनाव में रिफॉर्म पार्टी को हराने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।