
यूक्रेन के हमलों से रूस दहल गया है। इन दिनों रूस की राजधानी मॉस्को पर यूक्रेन के ड्रोन हमले तेज हो गए हैं। ऐसे में राजधानी को बचाने के लिए रूस ने ड्रोन ऑपरेटर की भर्ती निकाल दी है।
रूस के सबसे बड़े जॉब पोर्टल HeadHunter पर मॉस्को की आसमान की सुरक्षा को लेकर ड्रोन ऑपरेटरों की भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला गया है। खास बात यह है कि इस जॉब के लिए अनुभव की जरूरत नहीं, बस थोड़ी तकनीकी समझ और सीखने की इच्छा चाहिए।
जून महीने में यूक्रेन ने मॉस्को के पास बड़े ऑयल रिफाइनरी पर दो बार ड्रोन से हमला किया। ये रिफाइनरी शहर की रिंग रोड के अंदर है। इन हमलों के बाद रूस सरकार ने राजधानी की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए कदम उठाए हैं। क्रेमलिन का कहना है कि आधुनिक तकनीक और निगरानी सिस्टम से शहर को सुरक्षित रखा जाएगा।
इसी बीच कॉम्बैट आर्मी रिजर्व फोर्स नाम के वॉलंटियर यूनिट के लिए ड्रोन ऑपरेटरों की जरूरत बताई गई है। जॉब पोस्ट में लिखा है कि उम्मीदवारों को हाई-टेक उपकरणों से काम करना होगा। शहर की सुरक्षा के लिए ड्रोन उड़ाने, जासूसी मिशन करने और दिन-रात डेटा इकट्ठा करने का काम है।
जॉब डिस्क्रिप्शन में साफ लिखा है- बेसिक टेक्निकल स्किल्स काफी हैं। कोई पहले का अनुभव जरूरी नहीं। सिर्फ सीखने की चाहत होनी चाहिए। एक रिव्यू में 'लीड इंस्पेक्टर' नाम के व्यक्ति ने कंपनी के बारे में अच्छी बातें लिखीं। उन्होंने कहा- बहुत अच्छी टीम है, ग्रोथ के मौके हैं, मैनेजमेंट सपोर्ट करता है। वेतन परफॉर्मेंस के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
मॉस्को में औसत सैलरी 2 लाख रुपये से ज्यादा है, लेकिन इस जॉब में शुरुआती वेतन करीब 1.95 लाख रुपये (1,50,000 रूबल) है। कई लोग इस अंतर पर सवाल उठा रहे हैं। फिर भी कुछ युवा हाई-टेक काम और देश सेवा के नाम पर जुड़ने को तैयार दिख रहे हैं। जॉब पोस्ट 1 जुलाई को अपडेट किया गया। रॉयटर्स ने पुष्टि की कि यह वैकेंसी हाल में ही आई है।
रूस ने इस हफ्ते कीव पर साल का सबसे घातक हमला किया, जिसमें कम से कम 30 लोग मारे गए। वहीं यूक्रेन मॉस्को और आसपास के इलाकों पर ड्रोन हमले बढ़ा रहा है। दोनों तरफ आम नागरिकों की जान जा रही है।