विदेश

US Iran Talks: 80 मिनट की चर्चा के बाद बातचीत पर लगा ब्रेक, नई रणनीति बनाने में जुटे अमेरिका और ईरान

US Iran Talks: स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही अहम वार्ता 80 मिनट बाद अस्थायी रूप से रोक दी गई। दोनों पक्ष आंतरिक विचार-विमर्श के लिए लौटे हैं।

2 min read
Jun 21, 2026
US Iran Talks Switzerland, US Iran Meeting, US Iran Negotiations, Switzerland Summit 2026, Iran Nuclear Program, Iran US Relations,
80 मिनट की चर्चा के बाद बातचीत पर लगा ब्रेक (फोटो सोर्स एक्स/OSINTdefender)

US Iran Talks Switzerland: स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुई अहम वार्ता करीब 80 मिनट बाद अस्थायी रूप से रोक दी गई। ईरान की समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, दोनों पक्ष 'आंतरिक विचार-विमर्श' के लिए अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों के साथ अलग चर्चा करने लौटे हैं।

बताया जा रहा है कि आगे की रणनीति, प्रस्तावों और बातचीत के अगले चरण पर विचार करने के लिए यह विराम लिया गया है। फिलहाल वार्ता टूटने जैसी कोई स्थिति नहीं है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है। स्विट्जरलैंड में चल रही इस बैठक में लेबनान युद्धविराम, ईरान की जमी हुई संपत्तियां और परमाणु कार्यक्रम जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

कई चरणों में हो रही है बातचीत

अल जज़ीरा के मुताबिक, यह वार्ता कई अलग-अलग सत्रों में आयोजित की जा रही है। पहला सत्र लेबनान की स्थिति और युद्धविराम पर केंद्रित था। इसके बाद होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी है, जबकि तीसरे चरण में ईरान के परमाणु कार्यक्रम और उस पर लगे प्रतिबंधों को लेकर बातचीत की जाएगी।

रचनात्मक माहौल में चल रही वार्ता

बैठक से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है। बताया गया कि बैठक शुरू होने से पहले ईरान के विदेश मंत्री ने कतर के प्रधानमंत्री से बातचीत की थी। वहीं पत्रकारों के कमरे से बाहर जाने के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल दोबारा बैठक कक्ष में लौटा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी पक्ष मीडिया के सामने आने से बचना चाहता था।

सूत्रों का यह भी कहना है कि हाल के कुछ राजनीतिक बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट के बावजूद वार्ता का माहौल फिलहाल सहयोगात्मक बना हुआ है। पहले दौर की चर्चा पूरी होने के बाद चारों पक्षों के प्रतिनिधिमंडल अपने-अपने कमरों में लौट गए हैं जहां आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि आगे की बातचीत अलग-अलग चरणों में जारी रहेगी।

समझौते की दिशा में कदम

यह बैठक अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों को कम करने की दिशा में अहम कदम हो सकता है। हालांकि, इसके पहले इस्लामाबाद की बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला था। अभी किसी ठोस नतीजे की घोषणा नहीं हुई है लेकिन दोनों पक्षों का बातचीत जारी रखना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि वे विवादित मुद्दों का कूटनीतिक समाधान तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।