विदेश

US-Iran War: अमेरिका का हमला, ईरान ने एयर डिफेंस किया एक्टिव, अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा

US air strikes on Iran: अमेरिका ने ईरान पर फिर से हवाई हमले किए हैं। वहीं, IRGC ने एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय करने और अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। खोंडाब के पास अमेरिकी एयर स्ट्राइक के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।
2 min read
Jul 16, 2026
US Hits Iran Again
प्रतीकात्मक तस्वीर (Source: IANS)

US-Iran Conflict: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार जारी है। दोनों देश एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहे हैं। वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर फिलहाल किसी तरह का समझौता होता नहीं दिख रहा है। इसी बीच, अमेरिका ने भारतीय समयानुसार गुरुवार तड़के ईरान के खिलाफ फिर से हवाई हमले किए हैं। इसकी जानकारी अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दी।

सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, 'अमेरिकी समयानुसार दोपहर 3 बजे अमेरिकी बलों ने आज ईरान के खिलाफ दूसरे चरण के सैन्य अभियान की शुरुआत की। इन हमलों का निशाना ईरान की वे सैन्य क्षमताएं हैं, जिनका इस्तेमाल होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए खतरा पैदा करने में किया जा रहा था।'

खोर्रमाबाद शहर में दो जोरदार धमाके

ईरान के पश्चिमी शहर खोर्रमाबाद में दो जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी है। फार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने कम से कम दो विस्फोट होने की सूचना दी है। खोर्रमाबाद, राजधानी तेहरान से करीब 490 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। फिलहाल धमाकों की वजह और किसी तरह के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अधिक जानकारी का इंतजार है।

अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराने का दावा

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अपना एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया है। IRGC का कहना है कि एयर डिफेंस ने खुज़ेस्तान प्रांत के अंदीमेश्क शहर के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। हालांकि, IRGC के इस दावे की अमेरिका की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

खोंडाब के पास अमेरिकी हवाई हमले

अमेरिका ने ईरान के मरकज़ी प्रांत के खोंडाब शहर के बाहरी इलाके में दो हवाई हमले किए हैं। यह जानकारी प्रांत के उप-गवर्नर ने दी है। फिलहाल इन हमलों में हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अमेरिका ने सऊदी अरब और कुवैत को हथियार बेचने को दी मंजूरी

अमेरिका ने सऊदी अरब और कुवैत को हथियार बेचने की मंजूरी दे दी है। सऊदी अरब के लिए यह सौदा 1.96 अरब डॉलर का है। इसमें 20,000 एडवांस्ड प्रिसिजन किल वेपन सिस्टम के गाइडेंस सिस्टम दिए जाएंगे। साथ ही लॉन्चर, वॉरहेड, स्पेयर पार्ट्स, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सहायता भी मिलेगी। इनका इस्तेमाल हवा से हवा और हवा से जमीन पर हमला करने में किया जा सकता है।

कुवैत के लिए 48.4 करोड़ डॉलर का पैकेज मंजूर हुआ है। इसमें C-17 सैन्य परिवहन विमान के रखरखाव की सुविधा शामिल है। इसके तहत उपकरण, पुर्जे, सॉफ्टवेयर, मेंटेनेंस और प्रशिक्षण दिया जाएगा। हालांकि, दोनों रक्षा सौदों को लागू होने से पहले अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी मिलना अभी बाकी है।

Updated on:
16 Jul 2026 07:16 am
Published on:
16 Jul 2026 07:04 am