अमेरिका ने क्रिसमस की रात को नाइजरिया में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर हवाई हमले किए। अब डिपार्टमेंट ऑफ वॉर ने इसका वीडियो शेयर किया है।
क्रिसमस (Christmas) की रात को अमेरिका (United States of America) ने एक बड़ा धमाका कर दिया है। 25 दिसंबर को अमेरिकी सेना ने नाइजरिया (Nigeria) में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट - आईएसआईएस (Islamic State - ISIS) के ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। इन हवाई हमलों को अमेरिकी अफ्रीका कमांड (एफ्रीकॉम) द्वारा अंजाम दिया गया, जो नाइजीरियाई अधिकारियों के साथ परस्पर संपर्क में थे।
अमेरिकी हवाई हमले का वीडियो भी सामने आ गया है, जिसे वॉर डिपार्टमेंट, जिसे पहले डिफेंस डिपार्टमेंट के नाम से जाना जाता था, ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वीडियो के साथ वॉर डिपार्टमेंट ने ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट का कैप्शन भी लिखा कि, "आज रात, कमांडर इन चीफ के रूप में मेरे निर्देश पर अमेरिका ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट आतंकी संगठन के खिलाफ शक्तिशाली और घातक हवाई हमला किया, जो कई सालों, बल्कि सदियों से न देखे गए स्तर पर मुख्य रूप से निर्दोष ईसाइयों को निशाना बनाकर बेरहमी से मार रहे थे। मैंने पहले ही इन आतंकियों को चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने ईसाइयों का नरसंहार नहीं रोका, तो उन्हें इसका भयानक परिणाम भुगतना पड़ेगा, और आज रात वही हुआ। वॉर डिपार्टमेंट ने कई सटीक हमले किए, जो सिर्फ अमेरिका ही कर सकता है। मेरे नेतृत्व में हमारा देश कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद को फलने-फूलने नहीं देगा। भगवान हमारी सेना पर कृपा बनाए और सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं, जिसमें मारे गए आतंकी भी शामिल हैं, जिनकी संख्या और भी बढ़ेगी अगर वो ईसाइयों का नरसंहार जारी रखते हैं।"
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि हवाई हमलों में कोई नागरिक हताहत नहीं हुआ, लेकिन जांच जारी है। इन हवाई हमलों में इस्लामिक स्टेट के कई आतंकियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि अभी तक मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अमेरिका के इस हमले के बाद अब नाइजीरिया में तनाव बढ़ सकता है। इस्लामिक स्टेट इस हमले का जवाब देने के लिए देश में रह रहे ईसाइयों को निशाना बना सकते हैं, जिसके जवाब में अमेरिका फिर आतंकी ठिकानों पर हमले कर सकता है।