विदेश

2 अगस्त को भारत आएंगे उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री, एस जयशंकर से होगी द्विपक्षीय वार्ता, राष्ट्रपति मुर्मू से भी मिलेंगे

India Uzbekistan Relations: उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार ओदिलोविच सैदोव 2 से 5 अगस्त तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
2 min read
Jul 31, 2026
Uzbekistan Foreign Minister India Visit, India Uzbekistan Relations, S Jaishankar, Bakhtiyor Saidov, Droupadi Murmu,
डॉ. एस. जयशंकर और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार ओदिलोविच सैदोव (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Uzbekistan Foreign Minister India Visit: उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार ओदिलोविच सैदोव 2 से 5 अगस्त तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है। इस दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। अपने दौरे के दौरान वह दिल्ली में आयोजित एक बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा से भारत और उज्बेकिस्तान के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को नई गति मिलेगी।

व्यापार और निवेश पर होगी खास चर्चा

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। भारत और उज्बेकिस्तान पिछले कई वर्षों से रणनीतिक साझेदार हैं। दोनों देश कारोबार बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी मिलकर काम कर रहे हैं। इस बैठक में भविष्य की साझी परियोजनाओं पर भी बातचीत होने की उम्मीद है।

20 जुलाई को हुई थी फोन पर बातचीत

इस दौरे से पहले 20 जुलाई को विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार ओदिलोविच सैदोव के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया था कि दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश और दूसरे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। वहीं, ओदिलोविच ने भी कहा था कि भारत और उज्बेकिस्तान के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के विदेश मंत्रालय नियमित संपर्क बनाए रखेंगे।

मई में हुई थी अहम बैठक

इससे पहले मई 2026 में नई दिल्ली में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच 17वें विदेश कार्यालय परामर्श का आयोजन हुआ था। इस बैठक में दोनों देशों ने व्यापार, पर्यटन, तकनीक, नवाचार, ऊर्जा, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा की थी। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों पर भी अपने विचार साझा किए थे।

भारत के लिए क्यों अहम है यह दौरा?

उज्बेकिस्तान मध्य एशिया का एक महत्वपूर्ण देश है और भारत उसके साथ अपने संबंध लगातार मजबूत कर रहा है। दोनों देश कनेक्टिविटी, व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में विदेश मंत्री बख्तियार ओदिलोविच सैदोव का यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Updated on:
31 Jul 2026 09:03 pm
Published on:
31 Jul 2026 08:57 pm