
Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने शुक्रवार को बताया कि अब तक 920 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,360 लोग घायल हुए हैं। हजारों लोगों के अब भी लापता होने की आशंका है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव कार्य के लिए कई देशों की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों ने वेनेजुएला के कई हिस्सों को झकझोर दिया। सबसे ज्यादा तबाही तटीय राज्य ला गुआइरा में हुई है। सरकार ने इस क्षेत्र को सैन्य नियंत्रण में दे दिया है, जहां राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद हजारों लोग अब भी लापता हैं और कई इमारतों के मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) का अनुमान है कि इस आपदा से पूरे वेनेजुएला में करीब 67.6 लाख लोग प्रभावित हो सकते हैं। इनमें राजधानी कराकस के लगभग 20 लाख निवासी भी शामिल हैं।
भूकंप के बाद कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने वेनेजुएला की मदद के लिए राहत अभियान शुरू कर दिया है। भारत ने 'ऑपरेशन अमिस्ताद(अमिस्ताद-मतलब दोस्ती)' शुरू करते हुए भारतीय वायुसेना के दो C-17 विमान वेनेजुएला भेजे हैं। इन विमानों में फील्ड हॉस्पिटल यूनिट के साथ 35 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी गई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि भारत वेनेजुएला के राहत कार्यों में हरसंभव सहायता पहुंचा रहा है।
अमेरिका ने 15 करोड़ डॉलर की मानवीय सहायता देने की घोषणा की है। इसके तहत संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और राहत संगठनों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अमेरिका के अलावा मेक्सिको, कोलंबिया, स्पेन, फ्रांस, इटली, इक्वाडोर, पनामा और एल साल्वाडोर सहित कई देशों ने बचाव दल, चिकित्सा कर्मी, खोजी कुत्ते, विमान और राहत उपकरण भेजें हैं या भेजने की घोषणा की है।